प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की जंयती पर हुए कई आयोजन

कार्यक्रमों में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा लोगों का मन

ALLAHABAD: बच्चों के चहेते और देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं। जवाहर लाल नेहरू की जयंती शहर में विभिन्न स्थानों पर धूमधाम से मनायी गई। स्कूलों से लेकर विभिन्न संस्थाओं में भी अलग-अलग आयोजन हुए। जवाहर बाल भवन में सांस्कृतिक आयोजन किया गया। यहां बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। आर्य कन्या इंटर कालेज में सोमवार को बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के लिए बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले की शुरुआत प्रबंधक पंकज जायसवाल व अध्यक्ष अक्षय गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित और चाचा नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। आर्य कन्या इंटर कालेज हिन्दी व इंगलिश मीडियम, आर्य कन्या पीजी कालेज की छात्राओं ने शिक्षिकाओं के सहयोग से विभिन्न प्रकार के रंग बिरंगे खेल व खाने के स्टॉल लगाए। बच्चों ने बाल मेले के दौरान इडली, सांभर, दही बड़े, फ्रूट चाट, चाऊमीन, बर्गर, चाय पकौड़े आदि के स्टॉल लगाए। प्राथमिक विद्यालय दांदूपुर विकास खण्ड चाका में भी बाल दिवस का आयोजन किया गया। प्रिंसिपल स्मृति श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

विभिन्न संस्थाओं में मनायी जयंती

केन्द्रीय राज्य पुस्तकालय एवं इंडियन पब्लिक लाइब्रेरी मूवमेंट के संयुक्त प्रयास से बाल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों के लिए कला प्रतियोगिता समेत अन्य आयोजन किए गए। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। श्री ज्ञान पुस्तकालय एवं वाचनालय में नि:शुल्क शिक्षा ग्रहण करने वाले स्टूडेंट्स को प्रधानमंत्री स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनते हुए बाल दिवस कार्यक्रम में संस्था की ओर से सफाई कर पं। नेहरू को श्रद्धांजलि दी गई। रूचिज इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव आर्ट की ओर से विभिन्न आयोजन किए गए। इंस्टीट्यूट के स्टूडेंट्स के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता, नेत्र सज्जा प्रतियोगिता, नख सज्जा प्रतियोगिता, कैरम प्रतियोगिता, चेस प्रतियोगिता समेत अन्य आयोजन हुए। अखिल भारतीय युवक कांग्रेस की ओर से बालसन चौराहे पर गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष सैकड़ों युवक कांग्रेस व कांग्रेस पार्टी के लोग प्रदेश महासचिव देवमणि मिश्र के नेतृत्व में एकत्र हुए और चाचा नेहरू का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की ओर से भी गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नेहरू जी की मिश्रित अर्थ व्यवस्था नीति पर चर्चा की गई। ग्रामोत्थान जन सेवा संस्थान की ओर से आश्रय गृह में बाल दिवस का आयोजन किया गया। इसमें आश्रय गृह के सभी स्टॉफ मेंबर्स मौजूद रहे। बीएनएस किसान विद्यालय समिति की ओर से अशोक नगर, श्रमिक बस्ती में बाल दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पांच से 15 वर्ष तक के बच्चों को शिक्षा के महत्व और बाल अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई।