ALLAHABAD: रेल कर्मियों के अधिकार को लेकर नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे मैन न सिर्फ आवाज उठाएगी, बल्कि सरकार से कर्मचारियों के हित की मांग मनवा कर रहेगी। इलाहाबाद में आयोजित एनएफआईआर वर्किंग कमेटी के राष्ट्रीय कार्यसमिति में शामिल होने पहुंचे एनएफआईआर के राष्ट्रीय महासचिव डॉ। एम राघवैय्या ने यह बातें कही।

 

12 घंटा से अधिक ड्यूटी

सिविल लाइंस साइड स्थित होटल पोलो मैक्स में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एनएफआईआर के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि रेल कर्मचारियों के अधिकारों का हनन हो रहा है। पूरे देश में हर साल आन ड्यूटी 950 रेल कर्मचारियों की मौत होती होती है। वहीं 2500 से अधिक रेल कर्मचारी घायल होते हैं। करीब ढाई लाख से अधिक रेल कर्मचारी पर डे 12 घंटा से अधिक ड्यूटी करते हैं।

 

न्यू पेंशन स्कीम मंजूर नहीं

जिस लोको को दिल्ली-हावड़ा, मुंबई के साथ ही अन्य रूटों पर दौड़ाया जाता है, उसकी हालत खराब है। रनिंग रूम में कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं नहीं मिलती हैं। कर्मचारियों के प्रमोशन पॉलिसी में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। न्यू पेंशन स्कीम लागू करके सरकार ने कर्मचारियों के भविष्य से खिलवाड़ किया है। जिसका विरोध जारी रहेगा। नई पेंशन स्कीम रद्द कराने की आवाज उठाई जाएगी। एनएफआइआर के अध्यक्ष गुमान सिंह, आरपी सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।