पति की लम्बी आयु के लिए सुहागिनें रखेंगी निर्जला व्रत

ALLAHABAD: कार्तिक कृष्ण पक्ष चतुर्थी रविवार को पति की लम्बी उम्र के लिए सुहागिनें श्रीगणेश संकष्ठी यानि करवा चौथ का निर्जला व्रत रखेंगी। यहां चंद्रमा के उच्चाभिलाषी होने की वजह से इस बार करवा चौथ का महत्व शुभता प्रदान करने वाला होगा। त्योहार से पहले शनिवार को मेहंदी लगवाने और श्रृंगार का सामान खरीदने के लिए मार्केट में महिलाओं की होड़ लगी रही। उत्थान ज्योतिष संस्थान के निदेशक पं। दिवाकर त्रिपाठी पूर्वाचली ने बताया कि इस दिन बुद्धि कारक ग्रह बुद्ध अपनी उच्च राशि कन्या में विद्यमान रहेगा और धन, वैभव व सौभाग्य कारक ग्रह अपनी राशि तुला में होगा। साथ ही करवा चौथ का सर्वाधिक महत्व रखने वाला ग्रह चंद्रमा उच्च भाव में होगा। जो व्रती महिलाओं के लिए अक्षय फल का कारक बनेगा।

रात 7.51 के बाद चंद्रमा को अ‌र्ध्य

करवा चौथ में चंद्रमा का विशेष महत्व होता है। सुहागिन महिलाएं चंद्रमा की पूजा करके अपने पति के लम्बी आयु की कामना करती हैं। रविवार को चंद्रोदय रात 7.51 बजे होगा। इसके बाद चंद्रमा को अ‌र्ध्य दिया जाएगा।

मेला में दिखी रौनक

आकृत अनि की ओर से शनिवार को करवा चौथ मेले का आयोजन किया गया। अशोक नगर स्थित मदन शांति विला में मेहंदी, हेयर स्टाईल प्रतियोगिता में महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाओं ने सजावटी सामानों की जमकर खरीदारी की।