आई कंसर्न

-रोड नंबर 10 पर बह रहा नाली का पानी, नर्क बनी जिंदगानी

-गंदे पानी में डूबकर जा रहे हैं लोग

ranchi@inext.co.in

RANCHI (22 Jan): राजधानी के वार्ड नंबर 31 के मधुकम इलाके की स्थिति खराब होती जा रही है। जहां रोड नंबर 10 में लोगों का सड़क पर चलना भी दुश्वार हो गया है। स्थिति इतनी खराब है कि लोग गंदे पानी में डूबकर आना-जाना कर रहे हैं। वहीं, कीचड़ से बचने के चक्कर में कई लोग घायल भी हो रहे हैं। इसकी कंप्लेन नगर निगम के अधिकारियों के अलावा स्वच्छता एप से भी की गई, लेकिन आजतक इस अव्यवस्था को देखने कोई नहीं आया और न ही समस्या का समाधान किया गया। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हमारी राजधानी को स्वच्छ बनाने के लिए रांची नगर निगम कितना गंभीर है।

दो महीने से रोड पर नाली का पानी

मधुकम रोड नंबर 10 में पीसीसी सड़क तो है, लेकिन आजतक वहां नाली नहीं बनाई गई। ऐसे में लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी कच्ची नाली में जाता है। लेकिन उसकी सफाई नहीं होने के कारण नाली का पानी रोड पर बह रहा है। दो महीने से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी इसकी सफाई नहीं कराई जा सकी है।

200 परिवारों की है लाइफलाइन

रोड नंबर 10 में 200 से अधिक परिवार निवास करते हैं। इनके लिए यह सड़क ही मेन रोड है। लेकिन दो महीने से यहां रहने वाले लोगों की जिंदगी नर्क बनी हुई है। गंदगी के कारण मच्छर और कीट-पतंगों से भी लोग परेशान हैं। सफाई नहीं होने की वजह से महामारी की आशंका बढ़ गई है।

.

क्या कहते हैं वाशिंदे

सफाई नहीं होने के कारण परेशानी बढ़ती जा रही है। आखिर पार्षद को हमारी परेशानियां क्यों नहीं नजर आती हैं। जब चुनाव होगा तो ये लोग घर-घर जाकर वोट मांगेंगे। इसके बाद बेहतर सुविधाएं देने का वादा भी करेंगे। लेकिन सच्चाई तो यही है कि हमारी परेशानी से इन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।

शंभु शर्मा

स्वच्छ भारत अभियान चल रहा है। लेकिन कहीं भी सफाई नहीं है। मुख्य सड़कों को छोड़कर जैसे ही आप अंदर जाएंगे, तो सारी सच्चाई सामने आ जाएगी। कुछ ऐसी ही हालत रोड नंबर 10 की भी है। जहां पर कई महीनों से नाली का पानी बह रहा है। अगर सफाई नहीं होगी तो जल्द ही महामारी फैलने का खतरा बढ़ जाएगा।

निशांत यादव

रोड पर बह रहा नाली का पानी स्वच्छता की पोल खोल रहा है। कई जगह स्थिति ऐसी ही है। जिससे कि लोगों को नाली के पानी में डूबकर ही जाना पड़ रहा है। आखिर निगम को अंदर की सड़कों की समस्या क्यों दिख्राई नहीं देती। मुख्य सड़कों पर तो नाली और गढ्डे तुरंत बना दिए जाते हैं।

एसके शर्मा