- बादशाह नगर स्थित नाले के ऊपर किया गया था अवैध निर्माण

- एक दर्जन से अधिक अवैध दुकानों को हटाया

LUCKNOW: महानगर में नालों पर निर्माण होने की वजह से जलभराव की समस्या से जूझ रहे स्थानीय लोगों को निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने गुरुवार को सख्ती के साथ अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अभियान में कई वर्षो से नालों पर बने हुए कब्जों को तोड़ने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा माउंट कार्मल चौराहे से बादशाह नगर चौराहे तक अतिक्रमण हटाए गये। ऐसे आधा दर्जन से अधिक निर्माणों को लाल निशान लगाकर पहले से चिन्हित कर लिया गया था। हल्के विरोध के साथ नगर निगम और पुलिस की टीम वर्षो पुराने एंक्रोचमेंट को हटाने में सफल हुई, हालांकि कुछ दुकानदारों ने इसका विरोध भी किया। अतिक्रमण दस्ता इसके बाद हुसैनंगज पहुंचा, जहां बर्लिग्टन चौराहे से केकेसी कॉलेज तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया।

कई वर्षो से जमाये थे कब्जा

नालों पर अवैध निर्माण की वजह से इनकी सफाई वर्षों से नहीं हुई थी। ऐसी स्थिति में छोटे-छोटे नालों से बडे़ नालों के माध्यम से होने वाली जल निकासी बाधित होती है। जल निकासी न होने से बारिश के दिनों में यहां जलभराव होता है। छोटे नालों से कूड़ा कचरा बडे़ नालों में जमा हो जाता है। नालों में कूड़ा फेंके जाने से नाले डंपिंग ग्राउंड बन गए हैं। महानगर स्थित कार्मल स्कूल के दूसरी पटरी पर प्रभावशाली लोगों ने अवैध तरीके से नाले को घेर कर अपने परिसर में कर लिया है। जाली अथवा स्थायी दीवार बनाकर फुलवारी व टाइल्स लगाकर परिसर का हिस्सा बना लिया है। नगर आयुक्त उदय राज सिंह ने इस पर नाराजगी भी जाहिर की थी। ऐसे में अभियान के तहत उन्हें भी हटा दिया गया।

बैक्वेंट हॉल व कार बाजार का फुटपाथ पर कब्जा

चौराहे के पास एक बैक्वेंट बनाने के बाद फुटपाथ पर कब्जा जमा लिया गया। बगीचा बनाने के साथ ही ट्रांसफार्मर रख दिया गया है। वहीं एक कार सेल्स का फुटपाथ पर ही कार बाजार चल रहा है। जबकि इसके आगे एक बैंक व अन्य आठ लोगों ने आगे बढ़कर कब्जा जमा लिया है। जिस पर भी अभियान के तहत कब्जा हटाया गया।

पीआईएल की दी धमकी

फुटपाथ पर अवैध रूप से कब्जा कर दुकान चलाने वाले दुकानदारों ने पहले नगर निगम का विरोध किया। कुछ दुकानों ने पीआईएल दाखिल करने की धमकी दी तो कुछ का कहना था कि नगर निगम ने पहले से नोटिस नहीं दिया। काफी देर तक विरोध को लेकर गहमा गहमी की स्थिति बनी रही। पुलिस और नगर निगम की सख्ती के बाद एरिया में अवैध निर्माणों को गिरा दिया गया। नगर निगम की मार्केट न होने को लेकर भी कई लोगों का विरोध था, लेकिन मंदिर के आस-पास नगर निगम ने कुछ दुकानें बनाकर एलॉटमेंट कराया। अवैध कब्जाधारकों का कहना था कि उन दुकानों को भी हटाया जाए। नगर निगम का दस्ता बादशाह नगर के बाद हुसैनगंज पहुंचा, जहां बर्लिंग्टन चौराहे से केकेसी कॉलेज तक रोड किनारे और नालों पर बने अतिक्रमण को हटाया।

और धरी की धरी रह गई हेकड़ी

एसीएम-1 विनोद कुमार, सीओ हजरतगंज अशोक कुमार वर्मा के नेतृत्व में हुसैनगंज पुलिस की टीम ने गुरुवार को बर्लिग्टन चौराहे से सिटी मॉन्टेसरी स्कूल तक रोड को क्लियर कराने का अभियान चलाया गया। इसी दौरान महाराणा प्रताप चौराहे पर सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क स्कॉर्पियो को ट्रैफिक क्रेन से उठाया जाने लगा। इसी दौरान बिल्डिंग में मौजूद स्कॉर्पियो की मालकिन महिला वहां आ पहुंची। खुद को आर्मी में मेजर बता रही महिला ने स्कॉर्पियो को क्रेन से उठा रहे ट्रैफिककर्मियों को जमकर फटकार लगाई और फौरन गाड़ी को नीचे उतारने को कहा। इसी तरह खुद को बागपत जिले का डिस्ट्रिक्ट सप्लाई ऑफिसर बता रही महिला ने भी अपनी टवेरा को क्रेन से उठाए जाने पर ऐतराज जताया। हालांकि, ऑफिसर्स की सख्ती के आगे दोनों ही महिलाओं की हेकड़ी धरी की धरी रह गई और गाडि़यां ट्रैफिककर्मियों ने लोड कर कसमंडा अपार्टमेंट स्थित डंपिंग यार्ड पहुंचा दी। जिसके बाद दोनों ही कथित महिला ऑफिसर्स को जुर्माना अदा कर अपनी गाडि़यां रिलीज करानी पड़ी। इस अभियान में कुल 8 फोर व्हीलर्स और 12 बाइक्स को सीज किया गया। जबकि 7 गाडि़यों का चालान किया गया।

शाहनजफ रोड पर भी पुलिस की सख्ती

बड़े-बड़े शोरूम्स लेकिन आने वाले कस्टमर्स की गाडि़यां पार्क होती हैं सड़क पर। ऐसे ही शोरूम्स के खिलाफ हजरतगंज पुलिस ने गुरुवार को अभियान चलाया। इंस्पेक्टर हजरतगंज विजयमल सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शाहनजफ रोड स्थित बीआर ह्युंडई शोरूम के बाहर अवैध रूप से पार्क 5 कार व नारायण ऑटोमोबाइल्स के सामने से दो कार क्रेन से उठवाकर सीज कीं। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस ने भी हजरतगंज एरिया में अवैध रूप से पार्क 33 फोर व्हीलर्स को सीज किया।