इलाहाबाद में कमल खिलाने की चुनौती, आज जनसभा को संबोधित करेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ

डिप्टी सीएम, स्वास्थ्य मंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा व नंदी रहेंगे मौजूद

ALLAHABAD: केंद्र के साथ ही उत्तर प्रदेश में अपना डंका बजाने वाली भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस का गढ़ रह चुके इलाहाबाद में मेयर सीट पर अब तक कमल का फूल नहीं खिला सकी है। इस बार इस कलंक को खत्म करने के लिए पार्टी पूरा जोर लगा रही है। यही कारण है कि यहां से डिप्टी सीएम और तीन-तीन कैबिनेट मंत्री होने के बाद भी सीएम को प्रचार के लिए बुलाया गया है। इसे चुनाव की अंतिम घड़ी में भाजपा के योगी दांव के तौर पर देखा जा रहा है।

मौजूद रहेंगे फायर ब्रांड नेता

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रांड नेताओं में एक योगी आदित्यनाथ बुधवार को इलाहाबाद पहुंच रहे हैं। वे दोपहर करीब एक बजे भारत स्काउट एंड गाइड इंटर कॉलेज कैंपस में भाजपा की महापौर प्रत्याशी अभिलाषा गुप्ता और 80 वार्डो से चुनाव लड़ रहे पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान मंच पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, डॉ। रीता बहुगुणा जोशी, नंदगोपाल गुप्ता नंदी, सांसद श्यामा चरण गुप्ता व विनोद सोनकर के साथ ही अन्य नेता मौजूद रहेंगे।

भगवा रंग में रंगा सभा स्थल

इलाहाबाद को भगवा रंग में रंगने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनसभा स्थल को भगवा रंग में रंगा गया है। मेन गेट से लेकर मंच तक हर तरफ बस भगवा ही दिख रहा है। मंच को भगवा रंग के कपड़ों से डेकोरेट किया गया है। वहीं मैदान के अंदर और बाहर का इलाका भी भगवा रंग वाले झंडा, बैनर व होर्डिग से पट गया है। यही नहीं कार्यकर्ताओं को भगवा टोपी लगाकर आने का निर्देश दिया गया है।

पं। नेहरू रहे हैं शहर के प्रथम नागरिक

इलाहाबाद की मेयर सीट सियासी पार्टियों के लिए इसलिए भी अहम है क्योंकि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू और लाल बहादुर शास्त्री समेत कई नामचीन हस्तियां यहां की प्रथम नागरिक रह चुकी हैं। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू और दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री से लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्य प्रकाश मालवीय, पत्रकार और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पीडी टंडन और यूपी की मौजूदा सरकार की इकलौती महिला कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी भी यहां मेयर रह चुकी हैं। पंडित नेहरू यहां 1923 में, लाल बहादुर शास्त्री 1925 में शहर के प्रथम नागरिक बने थे।

फैक्ट फाईल-

1960

में हुआ था नगर महापालिका का गठन, थे 27 वार्ड

80

वार्ड हैं मौजूदा समय में शहर में

10.30

लाख से ज्यादा वोटर 26 नवम्बर को करेंगे अपने मत का प्रयोग

216

पोलिंग सेंटर और 836 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे