- शनिवार की दोपहर बेलघाट कसबे में हुई वारदात

- बैंक के पीछे उचक्कों के दिया वारदात को अंजाम

द्दह्रक्त्रन्य॥क्कक्त्र : बेलघाट कसबे में बीमार महिला से बदमाशों ने 20 हजार लूट लिए। घटना शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे हुई। लूटने के लिए बदमाशों ने महिला पर बोरा फेंका। रुपए गंवाने पर महिला अचेत हो गई। महिला की सूचना पर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

घनचक्कर हुई महिला

बेलघाट एरिया के दबिया का रामवृक्ष परदेस में रहकर कमाता है। उसकी पत्‍‌नी जदवंती की तबियत खराब चल रही है। वह पेट में दर्द का उपचार करा रही है। शनिवार को इलाज के लिए उसे रुपयों की जरूरत पड़ी। कस्बे में स्थित एसबीआई की ब्रांच पहुंच उसने 20 हजार रुपए निकाले। बैंक से बाहर निकली तभी बदमाशों ने महिला पर बोरा फेंक दिया। मुंह पर बोरा लगने से महिला हड़बड़ा गई। महिला के हाथ से पॉलीथिन में बंधी नकदी बदमाशों ने छीन ली। एक बदमाश पैदल बाजार में भागा, दो अन्य बाइक से तेज रफ्तार में फरार हो गए।

घंटे भर अचेत पड़ी रही महिला

बदमाशों के भागने के बाद महिला ने शोर मचाया। इसके बाद अचेत हो गई। वहां अगलबगल मौजूद लोग माजरा नहीं समझ सके। करीब एक घंटे तक जदवंती अचेत रही। होश में आने पर उसने लोगों को बताया। पुलिस को मामले की जानकारी दी। महिला से तहरीर लेकर पुलिस जांच में जुट गई। महिला ने कहा कि वह बदमाशों को पहचान नहीं सकी। बदमाशों के हाथ में एक झोला था। अचानक बगल में पहुंचकर झोले से बोरा निकालकर मुंह पर फेंक दिया।

महिला की सूचना पर उचक्कों की तलाश की जा रही है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद ली जाएगी। घटना में बदमाशों ने किसी असलहे का यूज नहीं किया है।

बृजेश कुमार यादव, एसओ बेलघाट