घुटने की सर्जरी के बाद बेड रेस्ट पर हैं हॉकी प्लेयर दानिश

ओलंपिक के दौरान लगी थी चोट, इंजर्ड होने से फैंस हुए निराश

ALLAHABAD: इंडियन हॉकी टीम के प्लेयर इलाहाबादी दानिश मुज्तबा फिलहाल लंबे बेड रेस्ट पर हैं। बाएं घुटने की सर्जरी के बाद डॉक्टर ने उन्हें मैदान से कुछ महीने दूर रहने की सलाह दी है। चोटिल हो जाने से दानिश के फैंस को निराशा हाथ लगी है। उधर, इस प्लेयर का कहना है कि आठ से नौ महीने के बेड रेस्ट के बाद उनकी मैदान पर वापसी होगी। फिलहाल वह दिल्ली में हैं और जल्द ही इलाहाबाद स्थित अपने पुश्तैनी घर में लौटेंगे।

हॉकी इंडिया लीग में बढ़ गया था दर्द

दैनिक जागरण आई नेक्स्ट से बातचीत में दानिश ने बताया कि ओलंपिक के दौरान उनके बाएं घुटने में चोट लग गई थी। लिगामेंट डैमेज होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें सर्जरी की सलाह दी थी। इसके बाद दानिश अपने गृह नगर इलाहाबाद आ गए। पिछले साल उनकी शादी हुई है। बताते हैं कि हॉकी इंडिया लीग के दौरान दोबारा चोट उभर आई तो उन्होंने तत्काल डॉक्टर से संपर्क किया। डॉक्टर ने उनको तत्काल सर्जरी की सलाह दी। दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल में उनकी लिगामेंट सर्जरी को डॉ। प्रतीक कुमार गुप्ता ने अंजाम दिया है। हॉस्पिटल से डिसचार्ज होने के बाद वह अपने दिल्ली स्थित आवास में बेड रेस्ट कर रहे हैं।

अजलान शाह में नही करेंगे शिरकत

इंडियन हॉकी टीम के मेंबर दानिश मुज्तबा अपनी चोट के चलते अजलान शाह और हॉकी व‌र्ल्ड लीग जैसे बड़े टूर्नामेंट्स में टीम का प्रतिनिधित्व नही कर पाएंगे। वह कहते हैं कि घुटने की रिकवरी होने के बाद वह फिजियोथेरेपी का सहारा लेंगे और पूरी तरह से फिट होने के बाद मैदान में पुन: वापसी करेंगे। बता दें कि उनकी सर्जरी करने वाले डॉ। प्रतीक गुप्ता इसके पहले इंडियन क्रिकेट प्लेयर वीरेंद्र सहवाग की सर्जरी भी कर चुके हैं और इन्होंने वर्ष 2013 में दानिश के दाएं घुटने की सर्जरी को भी अंजाम दिया था।