- दीपावली के दिन रोडवेज बसों का संचलन प्रभावित होने से परेशान हुए पैसेंजर्स

- प्राइवेट बसों की छत पर बैठ घर जाने को मजबूर हुए लोग

GORAKHPUR: दीपावली पर्व पर यहां से बिहार जाने वाले लोगों को गुरुवार को काफी दिक्कत हुई। ट्रेंस में जगह नहीं मिलने से लोगों की भीड़ ने बसों का रुख किया। लेकिन इस दौरान कौंडक्टर्स की कमी के चलते रोडवेज बसों का संचलन प्रभावित होने से पैसेंजर्स के लिए परेशानी खड़ी हो गई। कम बसें चलने के चलते लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। वहीं, प्राइवेट डग्गामार बसों में भी तिल रखने की जगह नहीं थी। भीड़ अधिक होने से बहुत से लोगों को सीट नहीं मिल सकी। जिसके चलते कई पैसेंजर्स को बसों की छत पर बैठकर ही घर जाना पड़ गया।

रोडवेज बसें रहीं फुल

डग्गामार बसों के अलावा रोडवेज बसें भी गुरुवार को पूरी तरह फुल रहीं। वहीं कंडक्टर्स की कमी से अधिकांश बसें खड़ी ही रह गई। हालांकि रोडवेज की ओर से दीपावली पर कर्मचारियों की छुट्टियां कैंसिल कर दी गई थीं। कर्मचारियों के लिए रोडवेज ने प्रोत्साहन राशि की भी घोषणा की है। बावजूद इसके दोपहर बाद बसों की किल्लत हो गई। इससे दीपावली के दिन पैसेंजर्स को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बिहार जाने के लिए मारामारी

इसमें सबसे अधिक दिक्कत का सामना उन लोगों को सामना करना पड़, जिन्हें बिहार जाना था। क्योंकि बिहार जाने वाली रोडवेज की इक्का-दुक्का बसों के अलावा पैसेंजर्स के पास सिर्फ प्राइवेट डग्गामार बसों का ही सहारा रहा। इसका फायदा उठाते हुए दीपावली पर डग्गामार बसों ने जमकर मनमानी की। अन्य दिनों की अपेक्षा इस दिन पैसेंजर्स से किराया तो अधिक वसूला ही गया, साथ ही उन्हें खड़े होकर या फिर बस की छतों पर बैठकर यात्रा करनी पड़ी।

वर्जन

बसों का संचालन लगातार जारी है। पैसेंजर्स की भीड़ बढ़ जाने से बसें थोड़ी फुल जरूर जा रही हैं, लेकिन संचालन लगातार जारी है।

- आरके मंडल, एआरएम, गोरखपुर डिपो