- आयोग के आदेश को हवा में उड़ा से चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारी

BAREILLY:

लोकतंत्र के सबसे उत्सव चुनाव से पूर्व मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को कर्मचारियों ने खेल बनाकर रख दिया है। सैटरडे को सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम का आई नेक्स्ट ने रियलिटी चेक किया, तो अव्यवस्था की कलई खुल गई। चुनाव आयोग के निर्देशों को धज्जियां उड़ाते हुए कर्मचारी कहीं गप्पे लड़ाते मिले, तो कहीं क्रिकेट खेल रहे थे।

दो ड्यूटी पर तीसरा गायब

स्पेशल अभियान की हकीकत जानने के लिए आई नेक्स्ट की टीम सबसे पहले टीम मनोरंजन सदन पोलिंग बूथ पहुंची। यहां पर दो बीएलओ पंकज सक्सेना और श्याम सुंदर बैठे हुए थे। जबकि, मनोरंजन सदन पोलिंग बूथ पर तीन बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई थी। रिपोर्टर ने तीसरे बीएलओ के बारे में जानकारी मांगी तो पता चला कि तीसरा बीएलओ आलोक सक्सेना क्रिकेट खेल रहा है।

दो बजे तक मात्र 8 आवेदन

कुछ ऐसा ही हाल तहसील में बने पोलिंग बूथों का भी रहा। दोपहर दो बजे तक मात्र 8 लोगों के ही मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम हो सका था। पोलिंग बूथ पर ड्यूटी में लगी महिला कर्मचारी आराम फरमाते हुए मिलीं, जिस वजह से वोटर आईडी कार्ड बनवाने, करेक्शन और एड्रेस चेंज कराने के लिए लोगों को काफी परेशान होना पड़ा।

बैठने की नहीं कोई व्यवस्था

तहसील के ही रूम नंबर 13 में पब्लिक के बैठने की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिस वजह से पब्लिक को खड़े-खडे़ ही आपना काम करवाना पड़ता है। डाटा फीडिंग का काम होने से यहां पर पब्लिक भी ज्यादा आती है। यहां पर भोजीपुरा बिथरी चैनपुर, सदर और कैंट विधानसभा क्षेत्र के लोगों का डाटा फीडिंग का काम होता है।

पानी की व्यवस्था नदारद

वहीं श्यामगंज, सुरेश शर्मा नगर के पोलिंग बूथ के भी हाल बेहाल रहे। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने पब्लिक को इंटरटेन नहीं किया, जिससे परेशान पब्लिक कभी इस बीएलओ तो कभी उस बीएलओ के पास चक्कर काटती रही। इतना ही नहीं पब्लिक के पानी पीने के लिए कोई व्यवस्था नहीं दिखी,

बॉक्स

- 1 जनवरी 2017 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन नामावलियों का हो रहा काम।

- 22 व 23 अक्टूबर को चलने है विशेष अभियान।

- 3239 पोलिंग बूथों पर वोटर्स के लिए कैंप लगाया गया हैं।

- बूथ पर नए वोटर्स को जोड़ने, वोटर आईडी कार्ड में करेक्शन, डुप्लीकेट कार्ड बनाने का होना है काम।

- पब्लिक के मदद के लिए लगे ग्राम स्तरीय कार्यकर्ता जैसे-आंगनबाड़ी वर्कर, आशा, एएनएम, किसान सेवक, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी तथा लेखपाल की भी ड्यूटी लगाई गयी है।

मतदाता सूची पुनरीक्षण ड्यूटी से गायब रहे कर्मचारियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से मांगी गयी है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

राजेश कुमार मिश्रा, असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट इलेक्ट्रोरल ऑफिसर