गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शिष्यों ने गुरुओं का किया सत्कार

मठ मंदिरों से लेकर संस्थाओं ने किया आयोजन, गुरु की बया की महिमा

ALLAHABAD: गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु शिष्य परंपरा का सौहार्द दिखाई दिया। शहर में मठ मंदिरों से लेकर संस्थाओं की ओर से गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया। मठ बाघम्बरी गद्दी में सबसे पहले अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेन्द्र गिरि की अगुवाई में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ध्वजा पूजन किया गया। 11 वेदपाठी ब्राह्माणों के साथ गंगाजल व दूध से रुद्राभिषेक किया गया। उसके बाद योग गुरु आनंद गिरि व अन्य शिष्यों ने परिषद के अध्यक्ष नरेन्द्र गिरि का पांव धुला और चरण छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

आचार्य पादुका पूजन

बैरहना स्थित श्री निम्बार्क आश्रम में पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। महंत स्वामी राधा माधवदास द्वारा आचार्य पादुका पूजन किया गया। आश्रम के शिष्यों ने महंतजी का माल्यार्पण कर पूजन किया। गायत्री शक्तिपीठ परिवार के अध्यक्ष राम आसरे यादव की देखरेख में मीरापुर स्थित परिसर में सवा लाख गायत्री महामंत्र जप किया गया। हिन्दू युवा वाहिनी प्रयाग के जिला अध्यक्ष अमित प्रताप सिंह व मोनू गुप्ता की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने वाहिनी के संस्थापक महंत योगी आदित्यनाथ के चित्र पर चंदन व टीका लगाकर पूजन किया गया।

एनसीजेडसीसी में हुआ सम्मान

प्रख्यात नाट्य संस्था स्वर्ग रंगमंडल की ओर से उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विशिष्टजनों को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ रंगकर्मी अतुल यदुवंशी ने धनाराम चंचल, रामदेव पटेल, कृष्ण कुमार पटेल, राजकुमार व मनोज गुप्ता को लोक कला ऋषि सम्मान से सम्मानित किया। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक गुरुजनों को लोक कला महर्षि सम्मान प्रदान किया गया। डॉ। श्लेष गौतम ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डाला। संचालन धीरज अग्रवाल का रहा।