-सिंहपुर गांव का मामला, दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर झगड़ा करने का आरोप लगाया

-घायलों को हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया, पुलिस ने पड़ताल शुरू की

KANPUR : सचेंडी में रविवार को दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने छेड़खानी का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने मुकदमें की रंजिश का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह स्थिति को संभाला, इसके बाद घायलों को हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया।

घर पर कर दिया हमला

सचेंडी के सिंहपुर गांव में रहने वाले शिवराज सिंह और राजेंद्र की रंजिश चलती है। दोनों का घर आमने-सामने है। शिवराज सिंह का आरोप है कि राजेंद्र और उनके साथी राम सेवक व नागेन्द्र अक्सर घर से बाहर निकलते हुए महिलाओं से छेड़खानी करते हैं। उन्होंने रविवार को उनके परिजनों से शिकायत की थी। जिससे भड़के तीनों आरोपियों ने साथियों समेत उनके घर पर हमला कर दिया। जिसे देख उनके पक्ष से भी ग्रामीण आ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डण्डा चले, जिसमें दोनों पक्षों से करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।

झूठे मुकदमे का आरोप

सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर किसी तरह स्थिति को संभाला, इसके बाद घायलों को हॉस्पिटल भेजा गया। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि उनका जमीन को लेकर मुकदमा चल रहा है। जिसे लेकर सामने वाले पक्ष ने झगड़ा किया है और अब वो छेड़खानी का झूठा आरोप लगा रहा है। एसओ का कहना है कि जांच की जा रही है। जल्द ही सच्चाई का पता चल जाएगा।