- विधानसभा में अचानक तबियत बिगड़ने से मचा हड़कंप

- स्ट्रेचर पर लाए गये बाहर, इलाज को भेजा गया सिविल अस्पताल

LUCKNOW: विधान सभा में गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें स्ट्रेचर पर लादकर नीचे मुख्य द्वार पर लाया गया और एंबुलेंस से श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल (सिविल अस्पताल) भेजकर भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक प्राथमिक उपचार के बाद उनकी सेहत में सुधार हुआ है। इस बीच सदन की कार्यवाही करीब एक घंटे तक स्थगित रही। तय हुआ कि अभिभाषण पर 26 फरवरी को चर्चा होगी। वहीं स्ट्रेचर न मिलने पर सपा विधायकों ने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल भी उठाया। दरअसल अस्पताल के मुख्य द्वार पर जाम लगा होने की वजह से विधायकों ने उन्हें स्ट्रेचर से अंदर पहुंचाया था।

अचानक फंसने लगा गला

विधानसभा में अभिभाषण पर नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी करीब आधा घंटा बोले होंगे तभी उनका गला फंसने लगा। उन्हें पसीना होने लगा और वह सीट पर बैठ गए। उन्होंने बैठकर ही बोलने की कोशिश की लेकिन, इसी बीच संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को पसीना आ रहा है, यह ठीक नहीं है। उन्होंने तत्काल डॉक्टर को दिखाने की बात कही। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें न बोलने की सलाह दी। इसके बाद सपा के सदस्य चौधरी को लेकर लॉबी में चले गए। स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह लॉबी में पहुंचे। तब तक मार्शल भी चिकित्सक के साथ पहुंच गए। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, सीएम योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, समेत कई वरिष्ठ मंत्री और सदस्य भी चौधरी के पास लॉबी में पहुंचे गए। वहां प्रारंभिक उपचार के बाद उनको श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल भेजा गया। दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर संसदीय कार्यमंत्री ने जानकारी दी कि नेता प्रतिपक्ष अब स्वस्थ हैं और प्राथमिक जांच में कोई गंभीर बात नहीं आयी है।

चक्कर व पसीना आने की शिकायत

रामगोविंद चौधरी को शाम 3:50 बजे डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल (सिविल) पहुंचाया गया। यहां आईसीयू में चिकित्सा अधीक्षक डॉ। आशुतोष दुबे, सीएमएस डॉ। एके सिंह ने उनका इलाज शुरू किया। डॉ। एके सिंह के मुताबिक उन्हें चक्कर व पसीना आने की शिकायत थी। ऐसे में लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के कार्डियोलॉजिस्टडॉ। भुवनचंद्र को भी बुलाया गया। उनका ईसीजी, ब्लड शुगर व ट्रॉप-टी जांच कराई गई। हृदय संबंधी समस्या नहीं मिली। सीएमएस डॉ। एके सिंह ने कहा कि उनकी हालत में सुधार है। सभी जांचें फिर से कराई जाएंगी।