- चार पर ब्लॉक के प्रमुख निर्विरोध कराए निर्वाचित

- बसपा, सपा और कांग्रेस मुकाबले में कहीं नहीं आई नजर

मथुरा। क्षेत्र पंचायतों के प्रमुख के चुनाव की राजनीति में भी रालोद और भाजपा की दोस्ती ने रंग दिखाया। चार ब्लॉक के प्रमुख पद पर दोनों दलों के नेताओं ने अपने-अपने समर्थकों को काबिज करवा दिया है। इस चुनाव में सीधे तौर पर बसपा, सपा और कांग्रेस मुकाबले में कहीं भी नजर नहीं आई।

जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा और रालोद की दोस्ती ने सपा तथा बसपा को करारी मात देकर अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया था। अब दोनों दलों ने मिलकर ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में बसपा, सपा और कांग्रेस जबरदस्त पटखनी दी है। दोनों ही दलों ने जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख के जरिए अपनी ग्रामीण राजनीति को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कदम बढ़ाए हैं। छाता में पूर्व मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने छाता क्षेत्र पंचायत के प्रमुख पर अपने ही रिश्तेदार महेंद्र सिंह और नंदगांव में अपने समर्थक रामेश्वर सिंह को निर्विरोध निर्वाचित करवा दिया। फरह क्षेत्र पंचायत का प्रमुख रालोद के वरिष्ठ नेता जिला पंचायत अध्यक्ष अनूप चौधरी ने नरेंद्र सिंह को निर्विरोध बनवा दिया। शनिवार को भी रालोद ने बल्देव क्षेत्र पंचायत के प्रमुख का पद कब्जा लिया। राजपाल सिंह भरंगर और उनके पुत्र प्रतीक ने नामांकन किया था। भाजपा नेता नौहझील ब्लॉक में क्षेत्रीय विधायक बसपा नेता श्यामसुंदर शर्मा का समर्थन हासिल करने में कामयाब हो गए हैं, जबकि यहां भाजपा प्रत्याशी के विरोध में रालोद और सपा नेता खड़े हो गए हैं। विकास खंड चौमुहां में भाजपा नेता चौधरी लक्ष्मी नारायण अपने समर्थक की जीत के प्रयास में हैं।

ब्लॉकों में प्रमुख को चुनाव आज

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आखिरी चरण में रविवार को छह क्षेत्र पंचायतों के प्रमुख के लिए मतदान होगा। शनिवार को मांट, गोवर्धन और राया क्षेत्र पंचायत से पांच उम्मीदवार चुनाव मैदान से हट गए। मांट में बिन्नी गोयल ने नामांकन वापस ले लिया है। यहां कल्पना और गौरी के बीच सीधा मुकाबला होगा। गोवर्धन से अनीता मैदान से हट गई हैं। यहां पर लच्छो देवी और हेमलता के बीच चुनाव होगा। राया से अशोक सिंह और जयवीर सिंह के नाम वापस लेने पर कृष्णवीर सिंह और पेमपा उर्फ प्रेमपाल सिंह मैदान में रह गए हैं। नौहझील क्षेत्र पंचायत से सुमन और हृदेश के बीच सीधा मुकाबला है। क्षेत्र पंचायत मथुरा से सर्वाधिक 6 प्रत्याशी अमरो देवी, जानकी देवी, सत्यवती, राधिका देवी, चंद्रावली, अनीता देवी हैं। चौमुहां में पातीराम, भगवान दास और रमेश चंद्र प्रत्याशी है।