- राप्ती सागर के जनरल कोच में चढ़ते समय महिला चोर ने फौजी की पत्नी के पर्स से उड़ाए जेवर

- जीआरपी ने आधे घंटे के अंदर स्टेशन परिसर से ही आरोपी महिला को गिरफ्तार कर बरामद किए जेवर

KANPUR। राप्ती सागर के जनरल कोच में चढ़ते समय एक फौजी की पत्‍‌नी के लाखों के जेवर हैंड पर्स से गायब हो गए। महिला ने फौरन घटना की जानकारी जीआरपी थाने में दी। महिला के बताए गए हुलिए के मुताबिक, सिपाहियों ने स्टेशन परिसर में छानबीन की तो आरोपी महिला पकड़ में आ गई। उसके पास से फौजी की पत्नी के सारे जेवर भी बरामद हो गए। जेवर वापस मिलने पर महिला ने राहत की सांस ली और जीआरपी स्टाफ का शुक्रिया अदा किया।

पहली बार मायके जा रही थी

जीआरपी एसएसआई संजय तिवारी ने बताया कि पीडि़त नवविवाहिता अंजली त्रिपाठी नटपुरवा तिगाई रूरा की रहने वाली हैं। डेढ़ महीने पहले ही उनका विवाह फौजी सुरेन्द्र सिंह से हुआ था। शादी के बाद वह पहली बार मायके जाने के लिए भाई विष्णु व संजय के साथ फ्राइडे को उत्तराखंड जाने के लिए निकली थीं। अंजली लखनऊ जाने के लिए प्लेटफार्म नंबर 6 पर खड़ी राप्ती सागर एक्सपे्रस के जनरल कोच में चढ़ ही रही थीं। तभी उनके पीछे से खड़ी महिला चोर ने उनके हैंड पर्स की चेन खोल कर जेवरात चोरी कर लिए।

नागपुर की रहने वाली महिला चोर

जीआरपी के मुताबिक, पकड़ी गई आरोपी महिला शारदा रामेश्वरी टोली अंजनी नागपुर की रहने वाली है। वारदात को अंजाम देने में शारदा का साथ उसकी चचेरी बहन ने दिया था। जिसको भी जीआरपी ने पकड़ लिया है।