लड़की शरीर से पूरी तरह से है अपंग

प्रभा टॉकिज के सामने मिली लड़की

पुलिस ने अनाथ आश्रम में लड़की को भेजा

BAREILLY: क्या लोगों की संवेदनाएं मर गई हैं। क्या मां की ममता मर गई है। कहां गया पिता का प्यार । क्या लड़की उनके लिए बोझ बन गई थी। जी हां एक लड़की जो न चल सकती है, न बोल सकती है, न सुन सकती है और न समझ सकती है उसे रात में लावारिस हालत में प्रभा टॉकिज के सामने फुटपाथ पर छोड़ दिया गया। सुबह जब एक युवक की उसपर नजर पड़ी तो तुरंत महिला थाना में जाकर सूचना दी। महिला थाना के एसआई ने युवक को एसपी सिटी के सामने पेश किया जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लड़की को प्रेम अनाथ आश्रम में सुपुदर्गी में सौंप दिया है।

युवक ने दी पुलिस को सूचना

संडे सुबह करीब क्0 बजे एक मोबाइल कंपनी में काम करने वाले नीतेश आफिस जा रहे थे। नेशनल हाइवे पर प्रभा टॉकिज के पास उनकी बाइक खराब हो गई। इसी दौरान उनकी नजर फुटपाथ पर बिस्तर पर पड़ी लड़की पर गई। उन्होंने आसपास के लोगों से इस बारे में पूछा तो किसी ने लड़की के बारे में जानकारी होने से इंकार किया। उन्होंने लड़की से भी पूछा लेकिन वह कुछ समझ ही नहीं पा रही थी। वह चल भी नहीं पा रही थी। वह न तो कुछ सुन पा रही थी और न ही बोल पा रही थी। इस पर नीतेश तुरंत महिला थाना में गए। वहां पर मिले एसआई उन्हें एसपी सिटी के पास लेकर पहुंचे।

नहीं हो सकी पहचान

एसपी सिटी ने तुरंत एसएसआई रामनारायण और चीता मोबाइल को मौके पर भेजा। पुलिस ने भी आसपास के लोगों से पूछताछ की। लड़की से लिखाकर भी देखा गया लेकिन वह कुछ लिख नहीं पायी। होटल वालों ने बताया कि रात में कोई सुला गया होगा। पास में प्राइवेट हॉस्पिटल है इसलिए किसी को शक भी नहीं हुआ। लड़की को बाकायदा फुटपाथ पर बिस्तर लगाकर लिटाया गया। उसे कंबल से भी ओढ़ाया गया। पुलिस का मानना है कि लड़की की हालत से परेशान होकर कोई उसे इस हालत में छोड़ गया होगा। अनाथालय में लड़की को सुपुदर्गी में दिया गया है। लड़की के परिवार वालों का पता लगाया जाएगा।

लावारिस हालत में लड़की फुटपाथ पर लेटी हुई थी। पुलिस ने अनाथालय में लड़की को सुपुर्दगी में दे दिया है। आशंका है कि लड़की की हालत से परेशान होकर परिवार वाले उसे छोड़ गए होंगे।

राजीव मल्होत्रा, एसपी सिटी बरेली