PATNA : बेगूसराय में शादी का सजा-धजा मंडप हाई वोल्टेज ड्रामे का मंच पर बन गया। शराब की वजह से शादी टूटने की घटना आपने सुनी होगी लेकिन इस अनोखी शादी के बारे में पढ़कर आप चौंक जाएंगे। लड़के वाले बारात में डीजे लेकर नहीं आए, महज इस बात से खफा लड़की वालों ने वर के परिवार को बंधक बना लिया। बाराती भाग गए और उसी मंडप में किसी दूसरे लड़के से दुल्हन की शादी कर दी गई। मामला मंसूरचक थाना क्षेत्र के साठा चक्का गांव का है।

बारात डीजे क्यों नहीं लाए?

बुधवार रात महेश पासवान की पुत्री की शादी झमटिया निवासी हरिचरण पासवान के पुत्र बबलू कुमार के साथ होनी थी। इंतजार खत्म हुआ और दूल्हा बबलू सज-धजकर बारात लेकर महेश पासवान के दरवाजे पर पहुंचा, लेकिन ये क्या, बारात के साथ शोर-शराबेवाला डीजे तो आया ही नहीं। बारात के साथ डीजे नहीं आया तो लड़की वाले आगबबूला हो गए। खैर उस वक्त तो ग्रामीणों ने मामला शांत करा दिया लेकिन डीजे न होना लड़की वालों को काफी खल रहा था। जैसे तैसे बारातियों का स्वागत हुआ। जयमाला की रस्म भी शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। इसके बाद शादी के लिए लड़का मंडप में पहुंचा। डीजे न लाने की लड़ाई एकबार फिर शुरू हो गई। दोनों पक्षों का तनाव इतना बढ़ा कि नौबत लड़के वालों को बंधक बनाने की आ गई। मामला गर्म होते देख बाराती वहां से भाग निकले। पुलिस के मुताबिक लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे बबलू कुमार, उसके भाई ड?लू कुमार एवं गणित कुमार को बंधक बना लिया।

रात में ही खोजा दूसरा वर

बाराती भागने से शादी की रश्म रुक गई। लड़की वालों को बेटी की शादी नहीं होने की ¨चता सताने लगी तो आनन-फानन दूसरे लड़के की तलाश शुरू हुई। रात में ही समस्तीपुर जिले के दलसिंहराय निवासी अशोक पासवान का पुत्र जितेंद्र कुमार लड़की से शादी करने को तैयार हो गया। शादी गुरुवार की सुबह जितेंद्र के साथ करा दी गई।

दूल्हे ने तोड़ा तिलक का वादा

लड़की के दादा रामलखन पासवान ने बताया कि तिलकोत्सव के दिन ही यह तय हो गया था कि लड़का पक्ष डीजे लाएगा। परंतु, लोग बिना डीजे के बरात लेकर आ गए जिस कारण विवाद हुआ। साठा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मो। सलामत, वार्ड सदस्य सुशीला देवी, पंच सुनीता देवी सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सुलह कर बंधक दूल्हे एवं उसके भाइयों को मुक्त कराया।