- अगमकुआं पुलिस ने दो कर्मियों व 100 विद्यार्थियों पर दर्ज की प्राथमिकी

- सबूत मिटाने वाले कर्मियों ने शव बेचने और एम्बुलेंस खलासी ने खरीदने से किया इनकार

PATNA CITY : शव को खरीद-फरोख्त मामले को अगमकुआं की पुलिस ने काफी गंभीरता से लिया है। पुलिस ने सब इंस्पेक्टर बबन सिंह के बयान पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रत्यक्षदर्शी के दर्ज बयान को पुलिस अहम मान कर जांच में जुटी है। बता दें कि मामला नालंदा मेडिकल कॉलेज के एनाटोमी विभाग से शव को किसी निजी अस्पताल में बेचने का है।

थानाध्यक्ष कामाख्या नारायण ने शनिवार को बताया कि शव का सौदा करने तथा इंसीनेटर में शव जला कर सबूत नष्ट करने के आरोपी दोनों कर्मियों तथा हंगामा करने वाले क्00 अज्ञात विद्यार्थियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी के फुटेज से कई अहम जानकारियां मिली हैं। सबूतों की जांच जारी है। कालेज प्रशासन की ओर से प्राथमिकी नहीं दर्ज कराई गई है। जिस निजी होमियोपैथिक अस्पताल पर शव खरीदने या चोरी करने का आरोप कर्मी द्वारा लगाया गया है उससे जुड़े सबूत पुख्ता नहीं हैं।

थानाध्यक्ष ने बताया कि शव की खरीद-बिक्री करने के मामले में कुछ अधिकारी व कर्मी भी निशाने पर हैं। जांच में पूरा मामला स्पष्ट हो सकेगा।

निजी होमियोपैथिक अस्पताल के फरार हुए एम्बुलेंस चालक को पुलिस खोज रही है। थानाध्यक्ष का कहना है कि शव जला कर सबूत नष्ट करने वाला कॉलेज का चतुर्थवर्गीय कर्मी शिवनाथ राम एवं शिव मांझी शव बेचने की बात से ही इनकार कर रहा है। पकड़े गए एम्बुलेंस के खलासी रजत द्विवेदी ने भी शव लेने से इनकार किया है। शव जला दिए जाने के कारण पुलिस को शव एम्बुलेंस से नहीं प्राप्त हुआ।

थानाध्यक्ष कामाख्या नारायण ने बताया कि एनएमसी के कर्मी मदन प्रसाद व अर¨वद शर्मा का बयान दर्ज किया गया है। इन पर भी छात्रों को भड़काने का आरोप है। शव का सौदा करने के मामले में इनकी संलिप्ता की भी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज व अन्य स्तर से पक्के सबूत मिलते ही शव की खरीद-बिक्री करने के आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। एनोटोमी विभाग के सेवानिवृत कर्मी शिवनाथ राम को दोबारा अनुबंध पर इसी विभाग में रखे जाने की बात को पुलिस बेहद संजीदगी से ले रही है।

- प्राचार्य बोलीं- पुलिस को दे चुकी हूं पूरी जानकारी

एनएमसी की प्राचार्य डॉ। प्रो। शिव कुमारी प्रसाद ने शनिवार को कहा कि शव का सौदा करने से जुड़े मामले में पुलिस को सभी जानकारी दे चुकी हूं। अनुबंध पर रखे गए पूर्व के सेवानिवृत कर्मी शिवनाथ राम को हटा दिया गया है। दूसरे कर्मी शिव मांझी पर भी विभागीय कार्रवाई की जा रही है। यह दोनों कर्मी कॉलेज नहीं आ रहे हैं। पुलिस को सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज भी जांच के लिए दिया गया है।