-सिविल लाइंस में पीसी ज्वैलर में भतीजे के साथ पहुंची चोरनियां

- शोरूम की सेल्स ग‌र्ल्स ने पहचाना, पुलिस बुलाकर पहुंचाया थाना

BAREILLY:

हरदोई की रहने वाली देवरानी-जेठानी दोबारा उसी ज्वैलरी शोरूम में चोरी करने पहुंच गई, जिसमें उन्होंने 2 साल, 8 महीने और 15 दिन पहले वारदात की थी। लेकिन पिछली बार धोखाधड़ी का शिकार बनी शोरूम की सेल्स ग‌र्ल्स ने दोनों चोरनियों को पहचानने में बिल्कुल भी देरी नहीं की। सेल्स ग‌र्ल्स ने तुरंत पुरानी सीसीटीवी फुटेज से दोनों चोरनियों का मिलान किया। पहचान पुख्ता होते ही शोरूम की ओर से पुलिस बुला ली गई। कोतवाली पुलिस दोनों चोरनियों और उनके साथ पहुंचे भतीजे को कोतवाली ले गई। चोरी करने के आरोप में पकड़ी गई दोनों महिलाएं शादी में खरीदारी का बहाना बनाकर शोरूम पहुंचती हैं। वहीं मौका पाकर ज्वैलरी पर हाथ साफ कर देती हैं। पुलिस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।

फेस देखते ही हुआ शक

पीसी ज्वैलर्स के मैनेजर कैलाश चंद्र के मुताबिक ट्यूजडे दोपहर में दो महिलाएं व एक पुरुष शोरूम में ज्वैलरी खरीदने के लिए पहुंचे। फ‌र्स्ट फ्लोर के काउंटर पर सेल्स ग‌र्ल्स प्रीति व अन्य मौजूद थीं। ज्वैलरी खरीदने पहुंचे तीनों ने सेल्स गर्ल से सोने की चेन दिखाने के लिए कहा। जब प्रीति चेन दिखा रही थी, इसी दौरान उसने दोनों महिलाओं को गौर से देखा तो उसे शक हो गया। प्रीति ने तुरंत अपने साथियों और मैनेजर को बताया कि ये वही महिलाएं हैं जो ढाई साल पहले भी सोने की चेन खरीदने के बहाने आई थी और मौका पाकर चोरी कर ले गई थीं।

शादी के लिए खरीदारी का बहाना

पुलिस पूछताछ में महिलाओं ने अपने नाम उमा उर्फ गुड्डी पत्‍‌नी राजेश और सरिता पत्‍‌नी सोनू तिवारी बताया। वहीं युवक ने अपना नाम दिवाकर बताया। महिलाओं ने पूछताछ में अपने पते अलग अलग बताए। उमा ने बताया कि उसका मायका हरदोई बेनीगंज में है। उसकी ससुराल फरीदपुर के मेला मैदान नरकुटिया मोहल्ले में है। उसका शाहजहांपुर में भी घर है। वहीं दिवाकर ने अपना पता बेनीगंज ही बताया है। महिलाओं के मुताबिक उनकी भतीजी की शादी 7 मई को होनी है। इसके लिए वह सोने की चेन खरीदने आयी थीं। उमा के पास 15 हजार रुपए और सरिता के पास 5 हजार रुपए भी थे। वहीं दिवाकर ने बताया कि उसे उमा ही हरदोई से लेकर आयी थीं। सबसे पहले उन्होंने कुतुबखाना स्थित एक स्टॉल पर नाश्ता किया और फिर पीसी ज्वैलरी शोरूम पर चेन खरीदने पहुंची।

सैलरी से हुई थी वसूली

प्रीति ने बताया कि 3 अगस्त 2015 को भी ये दोनों महिलाएं एक पुरुष के साथ आयीं थी। महिलाओं ने ज्वेलरी देखने के दौरान 16 ग्राम की चेन चोरी कर ली थी और मौके से फरार हो गई थीे। सीसीटीवी फुटेज में भी महिलाओं की चोरी की वारदात कैद हो गई थी। चोरी हो गई सोने की चेन की भरपाई के तौर पर शोरूम मैनेजमेंट ने प्रीती के अलावा गुंजन शर्मा और नेहा जैकब की सैलरी से वसूली की थी। सबकी सैलरी से 16-16 हजार रुपए वसूले गए थे। सेलरी से पैसे कटने पर नेहा ने जॉब भी छोड़ दी थी। इस घटना के बाद प्रीती काफी परेशान रही। लेकिन ट्यूजडे को दोनों महिलाओं के पकड़े जाने से वह बहुत खुश है। प्रीति के मुताबिक महिला ने एक नंबर पर भी बात कराई, वह व्यक्ति शोरूम के बाहर ही खड़ा था लेकिन बाद में फरार हो गया।

पुलिस ने लगा चुकी थी फाइनल रिपोर्ट

ढाई साल पहले सुबोध व दो अज्ञात महिलाओं के खिलाफ कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने ज्वैलरी शोरूम से सीसीटीवी फुटेज भी कलेक्ट की थी। इस मामले में पुलिस ने 26 अक्टूबर 2016 को फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। अब महिलाओं के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने पुरानी सीसीटीवी फुटेज से उनके चेहरे का मिलान किया है। नई एफआईआर दर्ज करने के साथ पुराना केस भी रीओपन किया जाएगा। पुलिस को शक है कि महिलाएं खरीददारी के बहाने चोरी करती हैं।

---------------------

दो महिलाएं व एक पुरुष ज्वैलरी शोरूम में चोरी करने पहुंची थीं। सेल्स ग‌र्ल्स ने उन्हें पहचान लिया। एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

डॉक्टर सतीश, सीओ सिटी वन