- विभाग ने गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में भेजा, शनिवार को न्यायालय में किया जाएगा पेश

PAURI: गढ़वाल वन प्रभाग के दीवा धुमाकोट रेंज में गुलदार की खाल के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। वनकर्मियों की दबिश के बाद एक गुलदार की खाल के साथ चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। विभाग ने गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया है। जिन्हें शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

तस्करी की मिल रही थी जानकारी

वन विभाग के अनुसार गढ़वाल वन प्रभाग के दीवा रेंज में गुलदार की खाल के तस्करी की जानकारी मिल रही थी, जिसको लेकर वन विभाग कर्मी सतर्क हो गए। वन कर्मियों ने लगातार तस्करों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसमें चार आरोपी गुलदार की एक खाल के साथ गिरफ्तार कर लिए गए। जिन्होंने विभाग के अधिकारियों को लिखित में बयान भी दर्ज करा लिए हैं। दीवा रेंज अधिकारी गणेश जोशी ने बताया कि गुलदार की खाल के साथ गिरफ्तार विकास खंड वीरोंखाल के बाड़ा डांडा गांव के निवासी हैं। जिनके भवन चैक के अंदर हैं। उन्होंने बताया कि खाल की तस्करी की सूचना मिलने पर जगह-जगह दबिश दी गई। इसमें चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभागीय वनाधिकारी गढ़वाल लक्ष्मण सिंह रावत ने बताया कि आरोपी तस्करों को पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया है। जिन्हें शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।