जाम लगाने की खबर पर पुलिस प्रशासन अलर्ट, मौके पर फोर्स तैनात

पुलिस ने किया है भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, एक को जेल भेजा

आगरा। ताज नगरी निवासी जूता कारोबारी इरशाद का ऑपरेशन कर चिकित्सकों ने बुलेट निकाल दी हैं। उसकी हालत ठीक बताई जा रही है, लेकिन हमले को लेकर मुस्लिम समाज में गुस्सा है। समाज के लोग शनिवार को उसकी दुकान पर पहुंचे थे। जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई।

हॉस्पिटल में चल रहा उपचार

ताज नगरी फेस-2 निवासी जूता कारोबारी इरशाद की बालूगंज शुभ आकृति अपार्टमेंट में दुकानें हैं। उसका विवाद दूसरे कारोबारी सपा नेता हरीकांत यादव से चल रहा है। आरोप है कि शुक्रवार को हरीकांत ने विवाद के बाद उसके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी जिसमें चार गोली उसे लगी। हमलावर फरार हो गया। लोगों ने उस दौरान हरीकांत के अलावा अन्य लोग भी बताए थे, जो कार में आए थे।

दुकान पर जमा हुई भीड़

घटना के बाद शनिवार सुबह 11:30 बजे मुस्लिम समाज के लोग मामले को लेकर इरशाद के शोरूम पर चर्चा करने जमा हो गए। उसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लोग जाम लगा रहे हैं। इस पर थाने की पुलिस मौके पर दौड़ पड़ी। पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण किया और लोगों को समझाया।

डीआईजी से मिले लोग

इस मामले को लेकर समाज के लोग विधायक गुटियारी लाल के साथ डीआईजी अजय मोहन शर्मा से मिले। समाज के लोगों ने गोली कांड में जल्द गिरफ्तारी की मांग रखी। डीआईजी ने समाज के लोगों को जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर आस्वस्त किया तब जाकर लोग शांत हुए।

पांच नामजद, एक गिरफ्तार

पुलिस ने गोली कांड में इरशाद के भाई मोहम्मद अंसार की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें हरीकांत, पुष्पकांत, श्रीकांत व चालक मुकेश के अलावा हरीकांत के साले अभिषेक को भी नामजद किया है। पुलिस ने अभिषेक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद से सभी लोग भूमिगत हो गए है।