मारपीट के मामले में जांच को गई थी पुलिस

पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

आगरा। थाना बाह क्षेत्र स्थित फरैरा में मारपीट के मामले में जांच पड़ताल को गई। पुलिस को जान बचाना भारी पड़ गया। लोगों ने छतों से पुलिस पर पत्थर बरसा दिए। पथराव में दरोगा सहित दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। मौके पर फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद

बाह के फरैरा निवासी विष्णु बघेल और उनके भतीजे राम शंकर में पिछले डेढ़ वर्ष से खेत के हिस्से बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। रामशंकर का आरोप है कि विष्णु के हिस्से में अधिक खेत है। इस बात को लेकर तीन महीने पहले दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। उस दौरान पुलिस ने विष्णु और उसके बेटे अवधेश के खिलाफ शांति भंग की धारा में कार्रवाई की थी।

छत से पुलिस पर किया पथराव

इसके बाद राम शंकर ने सरकारी बंटवारे के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र डाल दिया। तभी से विष्णु रंजिश मान बैठा। पिछले दिनों झगड़े के बाद विष्णु और उसके परिजनों के खिलाफ पुलिस ने एनसीआर दर्ज की थी। इस मामले की जांच करने शुक्रवार रात आठ बजे चौकी इंचार्ज बटेश्वर राजीव यादव, सिपाही राजवीर, सत्यवीर, भोजराज और चालक विमल कुमार के साथ विष्णु के घर पहुंचे। पुलिस विष्णु पक्ष के लोगों के बयान ले रही थी, उसी दौरान आरोपियों ने पुलिस से धक्का-मुक्की कर दी। महिलाओं ने छतों पर चढ़कर पुलिस पर पथराव कर दिया। अचानक हुए हमले से पुलिस कुछ समझ नहीं पाई। पथराव में दारोगा राजीव यादव और राजवीर घायल हो गए इनमें से राजीव यादव के सिर में गंभीर चोट आई है। साथी पुलिसकर्मियों ने मामले की जानकारी थाने में दी।

कई थानों का फोर्स मौके पर

सूचनापर कई थानों के फोर्स के अलावा अधिकारी पहुंच गए, लेकिन तब तक आरोपी पर अपने घर से ताला डालकर परिवार के साथ फरार हो गया। विजय कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में बटेश्वर चौकी के कांस्टेबल सत्यपाल की तहरीर पर विष्णु सहित 10 लोगों के खिलाफ मारपीट सरकारी कार्य में बाधा जानलेवा हमला व पथराव और लोक व्यवस्था भंग करने की धारा में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।