आगरा। नगर निगम ने महिलाओं की सुविधा के लिए विशेष टॉयलेट बनाने की योजना तैयार की है। ये बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बनाए जाने हैं। इन्हें पिंक टॉयलेट नाम दिया गया है। इसकी शुरुआत ताजगंज एरिया से की जाएगी।

कम पानी पीकर निकलती हैं महिलाएं

बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं के टॉयलेट की बड़ी समस्या है। इससे हर दिन महिलाओं को दो-चार होना पड़ता है। ऐसे उदाहरण भी सामने आए हैं कि महिलाएं बाजार कम पानी पीकर निकलती हैं। इससे कई तरह की बीमारी की आशंका बढ़ी है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने कदम उठाए हैं। वे महिलाओं के लिए प्रमुख बाजारों में टॉयलेट बनाने जा रही है। इनको खास पिंक रंग से पेंट किया जाएगा और उनका नाम पिंक टॉयलेट होगा।

प्रमुख बाजारों की प्लानिंग

इसकी शुरुआत ताजगंज एरिया से होनी है। महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट की शुरुआत ताजगंज एरिया से की जाएगी। पहला थ्री सीटर टॉयलेट बनाना है। ये 4 लाख रुपये की लागत से बनेगा। इसकी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्दी ही निर्माण शुरू किया जाएगा। इन्हें प्रमुख बाजारों में बनाने की योजना है।

फंड की है कमी

नगर निगम योजना के तहत एक थ्री सीटर टॉयलेट बनाएगा। इसकी लागत 4 लाख रुपये है। निगम ने इस फंड की व्यवस्था कर ली है, लेकिन आगे राशि को लेकर परेशानी है। स्वच्छता अभियान व अन्य फंड से राशि उपलब्ध होने के बाद योजना आगे बढ़ सकेगी। नगर निगम के पर्यावरण अधिकारी संजीव प्रधान के अनुसार बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट की शुरुआत की योजना है। पहला थ्री सीटर टॉयलेट ताजगंज में बनाया जाना है। इसकी जल्दी ही शुरुआत की जाएगी।