LUCKNOW: इसी महीने की दस तारीख को हुई हसनगंज इलाके में इंटर के एक स्टूडेंट की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने एक वकील के साले को अरेस्ट किया है। पुलिस ने बताया कि इस हत्याकाण्ड में लड़की के मामा को अरेस्ट किया गया है। उसी ने प्रेम प्रसंग के चलते छात्र की जान ली थी। हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया है।

दस जनवरी को हुई थी हत्या

हसनगंज के शिवनगर खदरा निवासी प्रशान्त तिवारी जो इण्टर का स्टूडेंट था, की हत्या उस वक्त कर दी गयी थी जब वह बाजार दूध लेने जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे पीछे से गोली मार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मॉल थाना क्षेत्र के रहने वाले आरोपी अरविन्द सिंह को गिरफ्तार किया है। इस मामले में लड़के के परिजनों ने एक वकील पर हत्या का शक जाहिर किया था।

पुलिस ने बताया कि मोहल्ले में ही रहने वाले एक वकील की बेटी सुष्मा (काल्पनिक नाम) से प्रशांत प्यार करता था। इसका कई बार लड़की के घरवालो ने विरोध भी किया और प्रशांत को जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन उसके वकील जीजा ने प्रशांत को फोन करके बुलाया था। वह खुद गाड़ी चला रहे थे और तमंचा उसे दे दिया था। प्रशांत जब दूध लेकर वापस जा रहा था तभी उसने पीछे से गोली मार दी थी। इस मामले में वकील को पुलिस ने पहले ही अरेस्ट कर लिया था।