GORAKHPUR: फलमंडी के कटनिया बंधा के पास मंगलवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। फायरिंग कर भाग रहे दो बदमाश गिरफ्तार हो गए। तलाशी के दौरान उनके पास से नाइन एमएम की पिस्टल, तमंचा, कारतूस और लूट में प्रयोग होने वाली बाइक बरामद हुई। लूट, हत्या की कोशिश में पुलिस दोनों को तलाश रही थी। बुधवार दोपहर एसओ सुधीर सिंह ने बताया कि फलमंडी चौकी प्रभारी धनंजय राय फोर्स के साथ कटनिया बंधा तिराहे पर गश्त कर रहे थे। रात साढ़े दस बजे बाइक सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह टीपी नगर की तरफ भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी पहचान राजघाट के बर्फखाना के सोनू निषाद, खोराबार के महेवा के शैलेष गुप्ता उर्फ बाढू के रूप में हुई। एसओ ने बताया कि 9 फरवरी 2017 में बांध पर महेवा के लुकमान अहमद से 50 हजार रुपए लूट में दोनों शामिल थे। 24 नवंबर 2017 को महेवा के झुन्नी पर दोनों ने तमंचे से गोली मारकर घायल किया था। थाने में दोनों पर केस दर्ज है। शैलेष बस्ती जिले में लूट कर चुका है।