RANCHI: हटिया स्टेशन स्थित सेकेंड क्लास वेटिंग हॉल में पुलिस के जवानों ने कब्जा कर रखा है, जबकि पैसेंजर प्लेटफॉर्म पर भटक रहे हैं। जी हां, विधानसभा सत्र के दौरान ड्यूटी के लिए आए पुलिस जवानों को स्टेशन के वेटिंग हॉल में ही ठहरा दिया गया है। इस कारण यहां के पैसेंजर पिछले कई दिनों से परेशान हैं। इतना ही नहीं, इन जवानों के स्टेशन पर रहने से पैसेंजर्स को शौचालय जाना भी मुश्किल हो गया है। वहीं, जन शौचालय के संचालक भी जवानों से परेशान हैं। हद तो तब हो गई कि इस संबंध में जब सीनियर डीसीएम से पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है।

100 से अधिक है जवान

स्टेशन पर सेकेंड क्लास वेटिंग हाल में पुलिस के जवान रह रहे हैं। 100 से अधिक की संख्या में जवान वहीं अपना डेरा डाले हुए हैं। इन जवानों को विधानसभा सत्र में ड्यूटी पर लगाया गया है। लेकिन इनके चक्कर में पैसेंजर्स को काफी दिक्कत हो रही है। चूंकि, जवानों ने इसमें तालाबंदी भी कर दी है।

सुबह-शाम लग रही लाइन

स्टेशन पर रहने के दौरान ये जवान जन शौचालय का इस्तेमाल कर रहे हैं। सुबह में ड्यूटी जाने से पहले और ड्यूटी से आने के बाद शौचालय में इनकी लाइन लगी रहती है। इससे पैसेंजर्स को जाने में परेशानी हो रही है। वहीं इसके संचालक को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

वर्जन

स्टेशन के वेटिंग हाल में जवानों के रहने की मुझे कोई जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है, तो इस मामले को देखा जाएगा।

-नीरज कुमार, सीनियर डीसीएम, रांची