- हाथीघाट पर एक स्थान पर हुई तीन हत्याओं में पुलिस नहीं तलाश सकी कोई सुराग

- पुलिस की पेट्रोलिंग का दावा सवालों के घेरे में

आगरा। एक स्थान, तीन कत्ल। हत्या का समय भी करीब एक जैसा। सभी हत्याएं महीने के आखिरी दिनों में हुई। बावजूद इसके पुलिस खाली हाथ है। इससे पुलिस की मुस्तैदी सवालों के घेरे में है, चूंकि जहां तीनों शव मिले वहां से कुछ दूरी पर ही ट्रैफिक पुलिस तैनात रहती है, लेकिन शुक्रवार को जब आई नेक्स्ट ने रियल्टी चेक किया तो ट्रैफिक पुलिस के जवान नदारद मिले।

कहां गई रकाबगंज की पुलिस

थाना रकाबगंज के हाथीघाट पर अब तक तीन शव मिल चुके हैं। गुरुवार को शू फैक्ट्री सुपरवाइजर का शव मिला था। थाने क्षेत्र में छह चीता मोबाइल व तीन यूपी-100 की वैन तैनात रहती हैं। घटना स्थल फ ोर्ट चौकी के अंतर्गत आता है। हैरानी की बात है कि तीन मौतों में पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा। पहले महीने मिले शव की तो शिनाख्त नहीं हो सकी। घटना स्थल से कुछ दूरी पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती रहती है, लेकिन आई नेक्स्ट की टीम 12:30 बजे करीब पहुंची तो यहां ये जवान तैनात नहीं मिले। बताते हैं कि रात में ट्रैफिक पुलिस वहां से हट जाती है। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस के हटते ही हत्याओं को अंजाम दिया गया।

आवाज तक नहीं सुनी किसी ने

हत्या के बाद पूर्व में मिले शवों को जलाया गया था। ऐसे में साफ है कि मरने वाल ने खुद को बचाने के लिए हत्यारे से लोहा लिया होगा। उस समय इतनी सर्दी भी नहीं थी। पास से गुजरने वाली रोड पर भी रात भर वाहन दौड़ते हैं। घटनास्थल के पास मंदिर भी है। ऐसे में किसी ने मरने वालों की चीख नहीं सुनी, ये बात कई सवाल खड़े करती है। पुलिस अगर गंभीरता से मामले में सुराग की तलाश करती, आसपास के लोगों से पूछताछ करती, तो घटना का खुलासा हो सकता था।

शू फैक्ट्री पर परिजनों का हंगामा

हाथी घाट पर शू पासिंग सुपरवाइजर का शव मिलने के मामले में शुक्रवार को परिजन भड़क उठे। उन्होंने फैक्ट्री पर पहुंचकर हंगामा मचाया। हंगामे की खबर पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल लोगों को शांत किया। उचित जांच का आश्वासन परिजनों को दिया। साथ ही फैक्ट्री में पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली।

लेबर पर हत्या का आरोप

30 नवंबर 2016 को कोटली की बगीची ताजगंज निवासी शू फैक्ट्री में पासिंग सुपरवाइजर विनय कुमार (50) का शव हाथीघाट पर पार्क में पड़ा मिला था। परिजनों के मुताबिक वह फैक्ट्री से घर जाने के लिए निकला था। इसके बाद घर नहीं पहुंचा। उसका शव हाथी घाट पर पड़ा मिला। पत्थर से सिर कुचल कर उसकी हत्या की गई है। दोपहर में मृतक के परिजन शुक्रवार को फ्री-गंज स्थित शू फैक्ट्री में पहुंच गए। यहां पर लेबर पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।

दो थानों का फोर्स पहुंचा

थाना हरीपर्वत व रकाबगंज का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से परिजनों को समझा-बुझा कर शांत किया। पुलिस ने फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। कई फैक्ट्री कर्मचारियों से पूछताछ की। फुटेज में विनय कुमार अकेला ही बाहर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। उसके साथ अन्य कोई भी फैक्ट्री कर्मी नहीं गया। जबकि परिजनों को साथ करने वाले फैक्ट्री कर्मचारियों पर संदेह है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।