- पुलिस ने की पहचान, मुजफ्फरनगर के निकले बदमाश

- हमलावरों के घर दबिश, लेकिन नहीं हो सकी गिरफ्तारी

- अस्पताल में भर्ती घायलों की हालत में पहले से सुधार

Meerut: मुजफ्फरनगर में टोल प्लाजा पर तीन युवकों को गोली मारकर घायल करने वाले बदमाश खुद ही पुलिस के चंगुल में फंस गए। गोली मारकर फरार होने वाले बदमाशों ने खतौली पहुंचकर सपा नेताओं से इंस्पेक्टर के पास सिफारिश के लिए फोन कराया तो इस मामले का पर्दाफाश हो गया है। बदमाश मुजफ्फरनगर जिले के खतौली के रहने वाले हैं। दौराला पुलिस ने टोल से सीसीटीवी फुटेज लेते हुए दोनों बदमाशों के खिलाफ नामजद मुकदमा कायम कर लिया है। पुलिस ने दबिश भी दी, लेकिन सभी बदमाश फरार चल रहे हैं।

क्या था मामला

दौराला के रहने वाले निखिल, दीपक कुमार, चिंकू भोलू दो बाइक पर सवार होकर दौराला जा रहे थे। जैसे ही डीएमए के पास पहुंचे तो दिल्ली की ओर से आ रही एक आल्टो की बाइक सवारों से कहासुनी हो गई थी। यहां लोगों ने बीच बचाव कराते हुए मामला शांत करा दिया था, लेकिन दौराला से पहले टोल प्लाजा पर बाइक सवारों ने कार में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी थी, जिसके विरोध में कार सवारों ने गोली चला दी थी। जिसमें निखिल, दीपक और चिंकू घायल हो गए थे, जबकि भोलू बच गया था।

दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

देर रात हुई गोलीबारी में हुए तीन युवक घायल पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई थी। एसपी सिटी ने दौराला पुलिस के साथ टोल प्लाजा से फुटेज निकलवाई। जिसके बाद दौराला पुलिस जांच में जुट गई। सुबह तक गोली चलाने वालों के नाम भी सामने आ गए। एसएसपी ओंकार सिंह ने बताया कि गोली चलाने वालों की पहचान हो गई। विनीत गुप्ता और गौरव चड्ढा निवासी खतौली जिला मुजफ्फरनगर यूपी-क्ख् आर 8ब्ब्7 सफेद आल्टो में सवार थे। जिन्होंने शराब पीकर तीनों को गोली मारकर घायल कर दिया। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। वहीं दूसरी ओर तीन घायलों की हालत में सुधार है। आनन्द हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। सिफारिश कराने के लिए चलते पुलिस को आरोपियों के नाम आने में आसानी हो गई, जिसके चलते पुलिस ने आसानी से नामजद मुकदमा कायम कर लिया है। इंस्पेक्टर दौराला जनक सिंह पुंडीर ने गिरफ्तारी के लिए दबिशें भी दी, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी है।