-पुलिस ने सिर्फ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर झाड़ा केस से पल्ला

BAREILLY: सर्वेश मर्डर में पुलिस ने अपना पल्ला झाड़ने के लिए सिर्फ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने ना तो ये पता लगाने की कोशिश की कि हत्या किसने और क्यों की। वहीं पुलिस अभी तक हत्या में प्रयोग हथियार भी नहीं बरामद कर सकी है।

पीछा करते वक्त बदमाशों ने मारी थी गोली

मंडे रात कैंट में पीपल गौटिया निवासी बीजेपी कार्यकर्ता सर्वेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सर्वेश को क्यारा गौटिया निवासी कश्मीर सिंह और योगेश ने डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में एडमिट कराया था। कश्मीर ने पुलिस को बताया था कि वह सर्वेश को पैर में चोट लगने से इचौलिया से दवाई दिलाकर वापस लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवारों ने उसे थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद उसने योगेश को साथ में लेकर आरबीएम कॉलेज के पास तक बाइक सवारों का पीछा किया था। फिर वापस मुड़ते वक्त बदमाशों ने सर्वेश को गोली मार दी। कश्मीर सिंह की इस कहानी में पुलिस को काफी झोल नजर आया था।

लेन-देन विवाद में दर्ज कराया थ्ा मुकदमा

दूसरे दिन पुलिस ने पिता नत्थूलाल की तहरीर पर कश्मीर सिंह और योगेश के खिलाफ ही हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। परिजनों ने हत्या की वजह पैसों का लेन देन बताया था। वेडनसडे को पुलिस ने सर्वेश के घर जाकर और घटना स्थल पर जाकर भी पूछताछ की थी। पुलिस की जांच में अवैध संबंध की बात सामने आई है। कश्मीर सिंह व योगेश के परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से भी जांच के बाद जेल भेजने की मांग की थी।

दो दिन पूछताछ, लेकिन नहीं कबूले आरोपी

पुलिस ने दो दिन तक दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ की, लेकिन उन्होंने हत्या की बात नहीं कबूली। पुलिस ने कई अन्य लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन हत्या की वजह पता नहीं लगा पायी। पुलिस ने अपना पल्ला झाड़ने के लिए थर्सडे को नामजद आरोपियों को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।