शहर में एक साथ शुरू हुए निर्माण कार्यो से बढ़ रहा पॉल्यूशन

बन रहे तीन फ्लाई ओवर, सीवर लाइन के लिए जगह-जगह हुई है खोदाई

ALLAHABAD: शहर का पॉल्यूशन लेवल तेजी से बढ़ रहा है। इसकी तस्दीक खुद पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड कर चुका है। इसका एक अहम कारण शहर में तेजी से शुरू हुए विकास कार्य भी हैं। सबसे पहले तो शहर में तीन-तीन फ्लाई ओवर्स बन रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कों में जगह-जगह गड्ढा खोदा जा रहा है। इस ताबड़तोड़ खोदाई से शहर में पॉल्यूशन लेवल तेजी से बढ़ा है।

अभी एक साल झेलना होगा पॉल्यूशन

2019 में अ‌र्द्धकुंभ का आयोजन होना है। इसके पहले शहर में प्रस्तावित तीन फ्लाईओवर का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। इनमें पानी की टंकी हाईकोर्ट, रामबाग और तेलियरगंज में पिछले डेढ़ माह से काम शुरू हो चुका है। इसको लेकर तेजी से सड़कों को खोदा जा रहा है और आसपास के एरिया में जबरदस्त धूल उड़ती है। इससे शहर का पॉल्यूशन लेवल तेजी से बढ़ रहा है। बता दें कि फ्लाई ओवर का काम पूरा करने के लिए एक साल की टाइम लिमिट दी गई है।

रही सही कसर पूरी कर रही खोदाई

इसके अलावा शहर के तमाम इलाकों में सीवर लाइन को लेकर खोदाई जारी है। सड़कों को किनारे-किनारे खोदा गया है और फिर इनको फिर से बनाया भी नहीं गया। सड़कों को खोदने के बाद यहां पानी का छिड़काव भी नहीं किया गया है। इसके चलते हर ओर धूल का गुबार नजर आ रहा है। चकिया, राजरूपपुर, लूकरगंज, ममफोर्डगंज, कटरा, कचहरी एरिया, स्टैनली रोड, मुट्ठीगंज आदि जगहों पर सड़कों की हालत खराब हो चुकी है।

हवा में घुल रहा जहर

अक्टूबर माह की रिपोर्ट की बात करें तो महीने के अंत में पीएन 10 यानी माइक्रोग्राम घन मीटर (हवा में धूल के कणों की सांद्रता) तय मानक से अधिक थी। अगर पीएम 10 की मात्रा हवा में 100 से अधिक हो तो इसे खतरनाक माना जाता है। शहर में अलग-अलग जगहों पर पीएम 10 की स्थिति कुछ यूं है

जगह पीएम-10

हाईकोर्ट 106

कटरा 170

अशोक नगर 175

धुआं भी दे रहा दर्द

यही नहीं, निर्माण कार्य की वजह से रामबाग, तेलियरगंज और हाईकोर्ट पानी की टंकी पर जबरदस्त जाम भी लग रहा है। जिसके चलते वाहनों का जहरीला धुआं हवा में तेजी से फैल रहा है। एग्जाम्पल के तौर पर पानी की टंकी से नवाब यूसुफ रोड सिविल लाइंस थाने की दूरी महज तीन से चार मिनट की है जिसे तय करने में 15 से 20 मिनट का समय लग रहा है। इस दौरान वाहनों का धुआं ऑक्सीजन को पॉल्यूटेड कर रहा है।

शहर में निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। इसकी वजह से धूल के कणों की सांद्रता बढ़ी है। साथ ही गाडि़यों का धुआं सांस लेने में दिक्कत कर रहा है। इसकी वजह से पॉल्यूशन लेवल का बढ़ना स्वाभाविक है।

एसके मिश्रा, क्षेत्रीय अधिकारी, पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड