-दलहन अनुसंधान केंद्र सबस्टेशन में जोरदार धमाके के साथ हुआ फ्लैश ओवर

KANPUR: सांप नेवले की लड़ाई में दलहन अनुसंधान केन्द्र सबस्टेशन का 5 एमवीए का पावर ट्रांसफॉर्मर डैमेज हो गया। लड़ते हुए नेवला सबस्टेशन के पैनल में घुस गया। ट्राली में जोरदार धमाके के साथ चिंगारियां फूटने लगी। इससे दलहन अनुसंधान केन्द्र के अलावा बीज भंडार केंद्र की बिजली गुल हो गई। 24 घंटे बीतने के बाद केस्को नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर पावर सप्लाई चालू नहीं कर सका है। वहीं दोपहर में लालइमली जीआईसी सबस्टेशन की ट्राली में दोपहर में जोरदार धमाका हुआ और सैकड़ों घरों की बिजली गुल हो गई।

ग्वालटोली में तीन दिनों से क्राइसिस

ग्वालटोली मकबरा ट्रांसफॉर्मर से जुड़े सैकड़ों लोगों को तीन दिनों से बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा। ट्रांसफॉर्मर का एक फेज गुल हो जाने से घरों में अंधेरा जाता है। इससे लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। वहीं दूसरी ओर मंडे की शाम नवीन नगर काकादेव, चमनगंज सबस्टेशन ठप हो गए जिससे हजारों घर अंधेरे में डूबे रहे। इस नौबस्ता-1 फीडर भी ट्रिप होने से इससे जुड़े हजारों लोगों को पावर क्राइसिस से जूझना पड़ा। टीपी नगर के लोगों को मंडे को दिनभर बिजली संकट से जूझना पड़ा। पांडव नगर में शाम को अंधेरा छाया रहा।

कई पावर ट्रांसफॉर्मर डैमेज हो चुके

केस्को अफसर दलहन अनुसंधान केन्द्र का पॉवर ट्रांसफॉर्मर डैमेज होने की वजह सांप,नेवले की लड़ाई जरूर बता रहे है। लेकिन रखरखाव में लापरवाहियों की वजह से इस साल आधा दर्जन से अधिक पावर ट्रांसफॉर्मर डैमेज हो चुके है। कुछ दिनों पहले ही हैरिसगंज सबस्टेशन का पॉवर ट्रांसफॉर्मर डैमेज हो गया था। इससे पहले जीआईसी सबस्टेशन का 10 एमवीए का पावर ट्रांसफॉर्मर एक साल के भीतर ही डैमेज हो गया था।