कलक्ट्रेट में मीटिंग कर विकास कार्यो में तेजी लाने के निर्देश

आगरा। शासन के विशेष दूत प्रमुख सचिव (नियोजन) संजीव मित्तल का सोमवार को विकास कार्यो की हकीकत से सामना हो गया। लोहिया गांव के निरीक्षण के दौरान वे गिरते-गिरते बचे। कलक्ट्रेट के मीटिंग हॉल में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यो की समीक्षा कर तेजी लाने के निर्देश दिए।

लोहिया गांव पहुंचे

सोमवार सुबह प्रमुख सचिव (नियोजन) सबसे पहले फतेहाबाद तहसील के राम मनोहर लोहिया गांव गदौली कला पहुंचे। यहां विकास कार्यो का निरीक्षण किया। गांव की पेयजल, प्राथमिक स्कूल और लाइट व्यवस्था को देखा। इसके बाद ब्लॉक बरौली अहीर पहुंचे। व्यवस्थाओं को देखा।

यहां किया निरीक्षण

सिटी में जिला उद्योग केन्द्र और चर्म प्रशिक्षण संस्थान का जायजा लिया। इसके बाद प्रमुख सचिव (नियोजन) शास्त्रीपुरम में डूडा द्वारा बनाए जा रहे आवासों का निरीक्षण करने पहुंचे। सिकंदरा-बोदला आरओबी व रुनकता आरओबी का निरीक्षण किया। उन्होंने सेतु निगम के अधिकारियों से आरओबी के संचालन के संदर्भ में पूछा। यहां से वह एत्मादपुर में रिंग रोड का निरीक्षण करने गए।

गिरते-गिरते बचे

गांव गदौली में हाल ही में सीसी खरंजा और रोड का निर्माण कराया गया था। घटिया निर्माण सामग्री के प्रयोग के चलते इसमें दरार और गहरे गड्ढे बन गए। सूत्रों के अनुसार प्रमुख सचिव नियोजन यहां से गुजर रहे थे। तभी गड्ढे में पैर पड़ते ही उनके कदम लड़खड़ा गए। वह गिरते-गिरते बचे। विकास कार्यो को देख उन्होंने आरईएस अधिकारियों की ओर भौहें तान लीं। डीएम पंकज कुमार को जेई व एई के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

ये रहे मौजूद

प्रमुख सचिव नियोजन के साथ डीएम पंकज कुमार, सीडीओ एनके पालीवाल, एसडीएम फतेहाबाद पीडी गुप्ता, एडीएम प्रशासन हरनाम सिंह, एडीएम फाइनेंस सीपी सिंह आदि मौजूद रहे।