सेवा के बदले बंदियों को पीने के लिए मिलेगा गाय का दूध

लावारिस व बीमार गायों को भी सेवा व इलाज के लिए गोशाला में रखा जाएगा

प्रथम चरण में जेल की गोशाला में 50 गायों को रखा जाएगा

Meerut। चौधरी चरण सिंह कारागार में अब शीघ्र ही गोशाला का निर्माण होगा। प्रथम चरण में इसमें 50 गायों को रखा जाएगा। जिसमें विचाराधीन बंदी गाय की सेवा करेगें। गाय की सेवा के बदले उन्हें नि:शुल्क दूध भी पीने को मिलेगा।

मुख्यमंत्री की घोषणा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गायों की सेवा के लिए घोषणा करते हुए कहा है कि मेरठ समेत प्रदेश की 12 जेलों में गोशाला बनाई जाएगी। इससे सड़कों पर लावारिस घूम रही गायों की सेवा भी हो सकेगी। इस घोषणा की खास बात यह है कि इसमें गायों की सेवा करने वाले बंदियों को सेवा के बदले गाय का दूध भी पीने को मिलेगा।

तैयारियां हुई शुरू

शासन के आदेश मिलते ही चौधरी चरण सिंह जेल में गोशाला बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुरुआत में गोशाला में करीब 50 गायों को रखा जाएगा। गायों की सेवा के लिए बंदियों को भी लगाया जाएगा।

लावारिस गाय रखीं जाएंगी

वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने बताया कि अभी शुरुआत में करीब 50 गाय शासन उपलब्ध कराएगा। इसके साथ शहर की लावारिस व बीमार गायों को भी गोशाला में रखा जाएगा, जिससे उनका इलाज हो सके। जेल में बंद बंदी गोसेवा करेंगे। इसके बदले उन्हें गाय का नि:शुल्क दूध भी पीने को मिलेगा।

चारे की कमी नहीं

चौधरी चरण सिंह जेल वेस्ट यूपी की सबसे बड़ी जेल है। इसमें गाय रखने के लिए पर्याप्त स्थान है। इसके साथ जेल में गायों के लिए चारे की कोई कमी नहीं होगी। जेल में पर्याप्त मात्रा में खेती की जाती है।

शासन के आदेश पर गोशाला बनाने के लिए जेल में तैयारियां शुरू हो गई है। प्रथम चरण में 50 गाय रखी जाएगी। आगे इसकी संख्या में बढ़ोतरी कर दी जाएगी।

डॉ। विधुदत्त पांडे, वरिष्ठ जेल अधीक्षक