-कांग्रेस-सपा गठबंधन पर प्रियंका व अखिलेश में हुई मीटिंग

-सीट सहित विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा

VARANASI

सपाई दंगल के बीच अब गठबंधन की राजनीति ने जोर पकड़ लिया है। विधानसभा चुनाव के डेट की घोषणा होते ही सपा और कांग्रेस के बीच खिचड़ी पकने लगी है। सोर्सेस के मुताबिक इस चर्चा को मुकाम तक पहुंचाने के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा और उत्तर प्रदेश के सीएम अखिलेश यादव व सपा सांसद डिंपल यादव के बीच नई दिल्ली में मुलाकात हुई है। इस मुलाकात को राजनीतिक गलियारों में जानकार नये संकेत के रूप में देख रहे हैं। चर्चा यह है कि जो काम यूपी के सीएम अखिलेश यादव और कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी खुद नहीं कर सके, वो अखिलेश की पत्‍‌नी और राहुल की बहन करके दिखा रही हैं। बताया जाता है कि नई दिल्ली में एक साथ भोजन पर मिले अखिलेश, डिंपल व प्रियंका इस गठबंधन पर अपनी सहमति प्रदान कर चुके हैं, जिसके मुख्य रोल में प्रियंका गांधी वाड्रा हैं।

गठबंधन फाइनल, घोषणा बाकी

पार्टी सोर्सेज के अनुसार प्रियंका वाड्रा व अखिलेश की मुलाकात में कांग्रेस व सपा के बीच करीब-करीब गठबंधन पर मुहर लग चुकी है। अब बस घोषणा होना बाकी है। इसके पीछे राहुल गांधी का देश से बाहर रहना था, नहीं तो अब तक गठबंधन की घोषणा हो गयी होती। नाम न लिखने की शर्त पर कांग्रेस के एक राष्ट्रीय नेता ने बताया कि प्रियंका वाड्रा, अखिलेश व डिंपल यादव की मुलाकात में उत्तर प्रदेश की एक-एक सीट पर विस्तार से चर्चा हुई। यही नहीं गठबंधन के नफे नुकसान पर भी मंथन हुआ। दूसरी ओर गठबंधन में किन-किन पार्टीज को शामिल किया जाएगा इस पर भी दोनों पक्षों के बीच विचार हुआ। कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस व समाजवादी पार्टी साथ मिलकर भाजपा को रोकने की रणनीति बना चुकी है। चर्चा तो यह भी हो रही है कि क्भ् जनवरी से पहले राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी मिल सकते हैं।

पांच सीट पर गंभीर

उत्तर प्रदेश विधानसभा की एक-एक सीट जहां सत्ता में बैठी सपा के लिए महत्वपूर्ण है तो वहीं कांग्रेस भी इस चुनाव को बड़ी गंभीरता से ले रही है। राज्यसभा सांसद व उत्तर प्रदेश के प्रभारी गुलाब नबी आजाद ने गठबंधन पर मुहर लगने से पहले यूपी चुनाव में अहम भूमिका निभाने वाले नेताओं से बनारस की विनिंग सीट का नाम भी मांग लिया है। इनमें शहर की तीनों सीट के अलावा पिंड्रा व शिवपुर शामिल है। बुधवार को जन वेदना सम्मेलन के बाद शाम को राहुल गांधी प्रमुख नेताओं के साथ प्रदेश की प्रमुख सीट सहित गठबंधन पर चर्चा करेंगे।