-पति और भाइयों को झूठा बता रही पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट

-रिपोर्ट में 4 से 6 दिन पुरानी निकली डेडबॉडी, गला दबाकर की गई हत्या

BAREILLY: बियावान कोठी के पास सिविल लाइंस में संडे की रात घर में मिली व्यापारी की पत्‍‌नी की डेडबॉडी के मामले में नया मोड़ आ गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या व डेडबॉडी 4-5 दिन पुरानी होना सामने आया है। जबकि, पति व मृतका के भाई का कहना है कि घटना एक दिन के दरम्यान की है।

बयान और रिपोर्ट में अंतर से पुलिस के कान खड़े हो गए हैं। पुलिस पूरे परिवार के मोबाइल नंबरों की काल डिटेल निकाल रही है।

5 घंटे बाद क्यों दी पुलिस को सूचना

संडे रात करीब 11 बजे बारादरी पुलिस को सूचना मिली थी कि बियावान कोठी के पास घर में महिला की हत्या कर दी गई है। महिला के पति अजय ने बताया कि वह रक्षाबंधन के दिन प्रियंका को साले विकास के घर सीबीगंज लेकर गए थे और वापस दोपहर में पौने 1 बजे छोड़कर दातागंज चले गए थे। वहीं विकास ने भी पुलिस से कहा था कि बहन राखी बांधने घर आई थी। अजय ने पुलिस को बताया था कि उसने शाम को करीब 6 बजे प्रियंका की लाश देखी थी, लेकिन उसने 11 बजे सूचना दी थी। यही नहीं प्रियंका की बहन अंजलि ने कहा था कि अजय ने उसे पौने 6 बजे बताया था कि प्रियंका की मौत हो गई थी। सड़ चुकी डेडबॉडी मिलने पर पुलिस का पहला शक पति पर ही गया था। फिलहाल रात में पुलिस ने पति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।

क्या सच में राखी बांधने गई थी प्रियंका

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार प्रियंका की डेडबॉडी करीब 4 से 6 दिन पुरानी है। प्रियंका की गला घोंटकर हत्या की गई है। प्रियंका के गंले में दुपट्टा फंसा हुआ था। प्रियंका का ब्रेन भी गल चुका था। डॉक्टरों ने बिसरा प्रिजर्व कर लिया है। इससे साफ है कि प्रियंका की हत्या कई दिन पहले की गई है। प्रियंका के घर रखी स्कूटी पर जमी धूल भी इसी ओर इशारा कर रही है। प्रियंका की हत्या करने के बाद बॉडी को किचन में छोड़कर भाग गए। उसके बाद पूरे आराम से पुलिस को सूचना देने का प्लान किया। पुलिस शक के आधार पर अब पति, भाई व बहन के मोबाइल की काल डिटेल निकाल रही है। काल डिटेल से सभी की लोकेशन क्लियर हो जाएगी।

दूध और पेपर करा िदया था बंद

अजय के घर में पेपर और दूध रोजाना आता था, लेकिन अजय ने करीब एक सप्ताह पहले दोनों चीजें बंद करा दी थीं। अजय का कहना है कि वह खुद दूध लेकर आते थे। वहीं पुलिस ने जब अजय के घर का फ्रिज ओपन किया तो ऐसा लगा कि जैसे फ्रिज एक सप्ताह से ओपन ही नहीं किया गया हो। इसके अलावा भी कई ऐसे प्वाइंट हैं, जो किसी घरवाले पर ही हत्या का शक जता रहे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट को चेक किया जा रहा है। शुरू से ही मामला संदिग्ध लग रहा है। महिला के पति व भाई से दोबारा पूछताछ की जाएगी। जल्द ही खुलासे की उम्मीद है।

समीर सौरभ, एसपी सिटी बरेली