- सेंट जॉन्स चौराहे पर संजय लीला भंसाली के जलाए पोस्टर

- पुलिस से हुई नोकझोंक, लगा जाम, कई थानों का फोर्स पहुंचा

आगरा। संजय लीला भंसाली की आने वाली फिल्म महारानी पद्मावती पर्दे पर आने से पहले ही विवादों में घिर गई है। हिंदूवादी संगठनों ने बुधवार दोपहर सेंट जॉन्स चौराहे पर फिल्म के विरोध में निर्देशक के पोस्टर फाड़े। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। मौके पर जाम लग गया। कई थानों का फोर्स पहुंच गया, लेकिन तब तक हंगामा कर रहे लोग जा चुके थे।

तय था पहले से प्लान

विहिप व बजरंग दल ने एक दिन पहले ही इस मूवी का विरोध करने का ऐलान किया था। तय समय पर बुधवार दोपहर दो बजे संगठन के लोग सेंट जॉन्स चौराहे पर पहुंच गए। कुछ पुलिसकर्मी वहां पहले से ही मौजूद थे। हिंदूवादियों ने नारेबाजी करते हुए संजय लीला भंसाली के पोस्टर फाड़ कर जला दिए। पुलिस ने लोगों को चौराहे से हटाया तो नोकझोंक हो गई। चौराहे पर हंगामा हो गया। वाहनों की लम्बी कतार लग गई। कई एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई। संगठन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि इस मूवी को बना कर नारी जाति का अपमान किया गया है। इस दौरान मौके पर महानगर अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, महानगर कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र गर्ग, महानगर मंत्री राजीव शर्मा, ब्रजप्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर, विभाग सह संयोजक दिग्विजय नाथ तिवारी, राकेश त्यागी, बांके बिहारी अग्रवाल, विनोद माहौर, दिग्विजय दौनेरिया आदि मौजूद रहे।