-शहर बेपटरी व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस का नगर निगम पर धरना

-सीवर, पेयजल व गंदगी की समस्या को लेकर जगह-जगह हुआ प्रदर्शन

VARANASI : नगर की बेपटरी व्यवस्था के खिलाफ गुरुवार को जगह-जगह आक्रोश नजर आया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम गेट के सामने धरना-प्रदर्शन किया। सात सूत्री ज्ञापन सौंपा। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने आदमपुर जोनल कार्यालय पर धरना दिया। इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शिवाजी नगर कॉलोनी में नगर निगम के खिलाफ नाराजगी दिखायी। पार्षद ओमप्रकाश चौरसिया के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने श्रीनगर कॉलोनी में धरना दिया।

जमकर निकाली भड़ास

महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह दस बजे नगर निगम गेट के सामने धरने पर बैठ गए। इस दौरान हुई सभा में पूर्व सांसद डॉ। राजेश मिश्र ने कहा कि बाहरी व्यक्ति को एक बार फिर बनारस का सांसद बना दिया गया है। बनारस की जनता दूषित पेयजल, टूटी सड़कें, बंद स्ट्रीट लाइट, बढ़े गृहकर से परेशान है। विधायक अजय राय ने कहा कि भाजपा नेतृत्व ने काशी की जनता को छला है। सभा के अंत में सात सूत्री ज्ञापन अपर नगर आयुक्त को सौंपा गया। इस दौरान अनिल श्रीवास्तव, सतीश चौबे, प्रजानाथ शर्मा, डॉ। संजय चौबे, मणिन्द्र मिश्र, महेश सिंह, राकेश सिंह के साथ पार्षद मौजूद रहे।

बहते सीवर पर चढ़ा फीवर

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम आदमपुर जोनल कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। क्षेत्र में व्याप्त गंदगी, टूटी सड़कों, बहते सीवर, जल जमाव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को बाध्य होंगे। लक्सा के पार्षद ओमप्रकाश चौरसिया के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने श्रीनगर कॉलोनी में धरना दिया। आरोप लगाया कि श्रीनगर कॉलोनी, मीरबाग, जद्दूमंडी, औरंगाबाद एरिया में दूषित पेयजल की सप्लाई हो रही है। जलकल विभाग में कई बार शिकायत करने बाद भी कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। बाद में जलकल अधिकारियों के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। इंडियन यूथ कांग्रेस की प्रदेश महासचिव के नेतृत्व में महिलाओं ने शिवाजी नगर कॉलोनी में धरना-प्रदर्शन और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी कीा। इस दौरान हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में महीनों से कूड़े का अंबार लगा है। हर तरफ फैले सीवर के पानी की वजह से संक्रामक रोग फैल रहे हैं।