कांग्रेसियों ने किया जिलाधिकारी का घेराव, पुलिस से हुई झड़प

वार्डो के परिसीमन और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का लगाया आरोप

ALLAHABAD: निकाय चुनाव के लिए नगर निगम ने 80 वार्डो को जो परिसीमन तैयार किया है, उसे लेकर जबर्दस्त घमासान शुरू हो गया है। पार्षदों के साथ कांग्रेस नेता भी परिसीमन का जमकर विरोध कर रहे हैं। गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव हसीब अहमद और श्रीश चंद्र दुबे के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हंगामा करने के साथ ही जिलाधिकारी का घेराव किया।

वोटर लिस्ट में गड़बड़झाला

वोटर लिस्ट में गड़बड़झाला, नगर निगम अधिकारियों ने गजब कर डाला नारा लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता व नेता गुरुवार को दोपहर के समय कलेक्ट्रेट पहुंचे। परिसीमन, आरक्षण व वोटर लिस्ट में धांधली का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। नारेबाजी करने से पुलिस वालों ने रोका तो कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। वे जिलाधिकारी से मिलने की जिद पर अड़े थे। मामला बढ़ता देख जिलाधिकारी संजय कुमार अपने कार्यालय से बाहर आए तो कांग्रेसियों ने उनका घेराव कर अपनी समस्या बतायी। कहा कि नगर निगम के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों ने पार्षदों से पैसा लेकर आरक्षण का प्लान बनाया है। मतदाता सूची और वोटर लिस्ट में भी गड़बड़ी की गई है। इस पर डीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में परवेज सिद्दीकी, अजीत पासी, जिसान अहमद, सुशील कुमार, महताब, गोलू, अनुज श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।

इनसेट-

प्रकाशित हुआ परिसीमन, मांगी आपत्ति

आरोप-प्रत्यारोप और हंगामे के बीच गुरुवार को नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन ने शहर के 80 वार्डो के लिए तैयार किए गए परिसीमन को नोटिस बोर्ड पर चस्पा करा दिया। नगर आयुक्त शेषमणि पांडेय ने बताया कि नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन ने जनगणना के आधार पर जो परिसीमन तैयार कराया था, उसकी कॉपी शासन को भेजी गई थी। शासन स्तर से स्वीकृति मिल गई है। इस पब्लिक की आपत्ति भी मांगी गई है ताकि पूरा काम फेयर रहे। पब्लिक इस पर एक सप्ताह के भीतर आपत्ति दर्ज करा सकती है। एक सप्ताह बाद आपत्तियों का निराकरण होगा। इसके बाद परिसीमन का फाइनल स्टेटस जारी किया जाएगा।

इनसेट

बगैर सर्वे वार्ड नंबर 1 से 13 एससी कैसे

निकाय चुनाव को लेकर नगर निगम में एक तरफ जहां सरगर्मी तेज हो गई है, वहीं तरह-तरह की अफवाहें भी उड़ाई जा रही है। जिससे पार्षद परेशान हैं। अफवाहों को भी हकीकत मान कर पार्षद इधर-उधर की चक्कर लगा रहे हैं। परिसीमन को लेकर एक तरफ जहां हंगामा मचा हुआ है। वहीं, नगर निगम के ही नक्शा डिपार्टमेंट की ओर से पार्षदों को यह बताया जा रहा है कि वार्ड एक से वार्ड 13 को एससी के लिए सुरक्षित कर दिया गया है। एससी के अलावा कोई और अन्य कैंडिडेट इन 13 वार्डो में चुनाव नहीं लड़ पाएगा। जिसकी वजह से 13 वार्डो के पार्षदों में खलबली मच गई है। उन्होंने इस पर सवाल भी खड़ा किया है कि बगैर सर्वे रिपोर्ट के एक से 13 तक वार्ड को एससी के लिए आरक्षित कैसे कर दिया गया।