- दूसरे दिन भी भूख हड़ताल पर डटे रहे शिक्षक

- मंगलवार को 22 महिलाओं समेत 60 शिक्षा आचार्य हुए थे गिरफ्तार

- शनिवार के बाद शिक्षा आचार्य करेंगे सचिवालय कूच

DEHRADUN: शिक्षा मित्र में समायोजन की मांग को लेकर शिक्षा आचार्यो का आंदोलन खत्म होता नहीं दिख रहा। एक ओर साठ शिक्षा आचार्य जेल में भूख हड़ताल पर डटे हैं, वहीं दूसरी ओर संगठन से जुड़े शिक्षा आचार्यो ने दून पहुंचने की बात कही है। संगठन का कहना है कि शनिवार के बाद प्रदेशभर के शिक्षा आचार्य सचिवालय कूच करेंगे।

जीओ जारी होने तक हड़ताल

गुरुवार को जेल में बंद शिक्षा आचार्यो की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। उनका कहना है कि शासनादेश जारी होने के बाद भूख हड़ताल समाप्त होगी। संगठन के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि ख्ख् महिलाओं समेत साठ शिक्षक विगत तीन दिनों से जेल में बंद हैं। सरकार द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्होंने जेल में ही भूख हड़ताल शुरू कर दी है। वहीं उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों से आंदोलनरत शिक्षा आचार्यो को सरकार द्वारा कोरे आश्वासन मिले हैं। शिक्षा आचार्यो की सरकार से टूटती आस के बाद संगठन ने उग्र आंदोलन का निर्णय लिया है। इसी क्रम में संगठन से जुड़े सभी शिक्षा आचार्यो को दून पहुंचने के लिए सूचित कर दिया है। शनिवार को सभी शिक्षा आचार्य धरनास्थल पहुंचेंगे। इसके बाद बैठक कर शीघ्र ही सचिवालय कूच किया जाएगा।