- कृष्ण नगर के न्यू इंद्रलोक कॉलोनी के लोगों ने किया प्रदर्शन

- कई माह से नाली, रोड और बिजली के खंभे की कर रहे मांग

- अक्टूबर मंथ में पार्षद का किया घेराव, मिला था विकास का आश्वासन

LUCKNOW: सड़क, पानी और बिजली खंभे की मांग को लेकर कृष्णा नगर के न्यू इंद्रलोक कॉलोनी के लोगों ने मंडे को रोड पर उतरकर प्रदर्शन किया। विकास को लेकर पिछले कई दिनों से जद्दोजहद कर रहे स्थानीय लोगों के सब्र का बांध टूट गया। लगाकर मिल रहे आश्वासन के बाद भी काम न होने से लोगों में नाराजगी है। एक महीने पहले भी स्थानीय लोगों ने पार्षद का घेराव कर प्रदर्शन किया था। हर बार की तरह पार्षद का कहना है कि हथेली पर सरसो नहीं जमती है। विकास के लिए वह अकेले जिम्मेदार नहीं है।

बिना बारिश रहता है जलभराव

कृष्णा नगर के न्यू इंद्रलोक कॉलोनी फ्री होल्ड जमीन पर बसी कॉलोनी है। कॉलोनी को अभी तक नगर निगम को हैंड ओवर नहीं किया गया है। नहर किनारे बसी होने के चलते काफी गहराई में लोगों के मकान है। पानी की निकासी न होने के चलते यहां बिना बारिश के मौसम में भी जलभराव रहता है। पानी निकासी न होने के चलते रोड का निर्माण नहीं हो रहा है। यहीं नहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली कनेक्शन के लिए खंबे तक की व्यवस्था नहीं है। बांस की बल्ली के सहारे लोगों ने बिजली का तार घरों तक पहुंचाया है। कॉलोनी में मेन रोड को छोड़ दे तो शायद ही किसी गली में रोड बनी है। मिट्टी की पगडंडी के सहारे लोग चलने को मजबूर है।

तब किया था पार्षद का घेराव

जनसमस्या को लेकर एक महीने पहले भी लोगों ने प्रदर्शन किया था। आक्रोशित लोगों ने पार्षद का घेराव भी किया था और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा था। लगातार समस्याओं से जूझ रहे लोगों को नगर आयुक्त ने विकास कार्य के लिए आश्वास दिया था। समय पर मांग पूरी न होने के चलते मंडे को एक बार फिर लोगों ने एरिया में प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि कॉलोनी में न कोई विकास हुआ है और न ही कोई जनप्रतिनिधि उनकी समस्याओं को सुनता है।

बजट पास अब विकास का इंतजार

नगर निगम का पुनरीक्षित बजट पास हो गया। आम बजट से 6 अरब रुपए ज्यादा का बजट आने से स्थानीय लोगों का मानना है कि शायद अब उनके एरिया का विकास हो सके। वहीं पार्षद का कहना है कि एरिया में रोड बनवाने के लिए सर्वे हो गया है। स्थानीय लोग आक्रोश जता रहे है जबकि सर्वे के बाद कागजी खानापूर्ति में समय लगता है। बजट पास हुआ है और अब रोड का निर्माण कराया जाएगा।

कॉलोनी अनडेवलप है। नहर के किनारे बसी कॉलोनी में पानी की निकासी नहीं है। जिसके चलते यहां जलभराव हमेशा रहता है। मेन रोड बनवा दी गई है और अंदर के रोड का निर्माण के लिए जेई से सर्वे करवा दिया गया है। कुछ समय तो लगेगा ही विकास में। स्थानीय लोग हथेली पर सरसो जमाना चाहते है जो कि संभव नहीं है।

- हरसरन लाल गुप्ता,

पार्षद, चित्रगुप्त वार्ड