- सुनी जाएंगी गाडि़यों से जुड़ी समस्याएं

- मौके पर ही सॉल्व होगी प्रॉब्लम

LUCKNOW :

आरटीओ ऑफिस से संबंधित किसी भी समस्या के लिए अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। बस आप अपनी प्रॉब्लम आज ट्रांसपोर्ट नगर आरटीओ ऑफिस में जाकर बताएं। यहां आरटीओ से संबंधित समस्याओं को दूर करने के लिए आज जनता अदालत लगाई जाएगी। इस अदालत में खुद आरटीओ मौजूद रहेंगे और मौके पर ही उसका समाधान कराएंगे।

परिवहन आयुक्त ने दिया था आदेश

तीन दिन पहले परिवहन आयुक्त के रविन्द्र नायक ने प्रदेश भर के सभी आरटीओ ऑफिसों को आदेश दिया था कि वे अपने यहां हर सोमवार को जनता अदालत का आयोजन कर लोगों की समस्याओं को दूर करें।

की गई खास तैयारियां

ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आरटीओ ऑफिस में इसकी तैयारियां कर ली गई हैं। आरटीओ अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इसके लिए हमें खास तैयारी करनी पड़ी है। हमारी कोशिश होगी कि यहां आने वाले लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके निराकरण के साथ ही रोजाना होने वाले सभी कार्य पहले की तरह चलते रहें।

कोट

जनता अदालत की तैयारियां पूरी कर ली गई है। यहां आने वाले फरियादियों की सुनवाई सबसे पहले होगी। नियम के तहत जिसके भी कार्य फंसे होंगे, उसे तुरंत पूरा किया जाएगा।

अजय कुमार त्रिपाठी

आरटीओ