एक पखवारे में आधा दर्जन के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे

लोकल पुलिस से मिलकर दिखाते दबंगई, बढ़ रहा आक्रोश

GORAKHPUR:

जिले के प्रधानों की बढ़ती शिकायतें पुलिस अधिकारियों के लिए सिरदर्द बनती जा रही हैं। थाना और चौकियों पर हनक दिखाने की कोशिश में प्रधानों के कामकाज पर उंगली उठने लगी है। दंबगई की शिकायत करने पर पब्लिक को उत्पीड़न का शिकार होना पड़ रहा है। ऐसे मामलों से परेशान पुलिस अधिकारियों ने सख्ती बरतने का निर्देश दिया है। एसएसपी का कहना है कि किसी को भी अराजकता की छूट नहीं दी जा सकती है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। इनके इशारे पर काम करने वाले पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

प्रधान के इशारे पर काम, बढ़ रहा बवाल

ऐसी शिकायतें सामने आई हैं कि जिले के कुछ प्रधान राजनीतिक रंजिश में लोगों का उत्पीड़न करा रहे हैं। प्रधानों की गलत सूचना पर विपक्ष या अन्य को बेवजह थानों में बैठा दिया जा रहा है। ग्राम पंचायत में होने वाले विकास कार्य में गड़बड़ी की शिकायत करने पर शिकायकर्ताओं के खिलाफ भी फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। बताया जाता है कि हर छोटे- बड़े मामलों में प्रधान पैरवी लेकर थानों और चौकियों पर पहुंचते हैं। प्रधानों के प्रभाव में आकर लोकल पुलिस उनके फेवर में काम कर देती है। पब्लिक में आक्रोश बढ़ने पर मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचता है। इस वजह से कई जगहों पर समस्याएं सामने आई हैं। इसको देखते हुए सख्ती से निपटने का निर्देश एसएसपी ने दिया है। शुक्रवार को भटहट एरिया में सीएम के खिलाफ टिप्पणी का विरोध करने पर प्रधान ने दबंगई दिखाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने प्रधान के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस तरह के मामले आए सामने

- झंगहा एरिया में मनरेगा में गड़बड़ी की शिकायत करने पर प्रधान के दबाव में पुलिस ने शिकायतकर्ता के खिलाफ केस दर्ज कर दिया। शिकायतकर्ता ने एसएसपी से मिलकर सारी बात बताई। जांच में सामने आया कि प्रधान के दबाव में थानेदार ने कार्रवाई की थी। एसएसपी की सख्ती पर एसओ ने प्रधान के खिलाफ केस दर्ज किया।

- कैंपियरगंज एरिया में एक प्रधान का भाई रोजाना प्राइमरी स्कूल पर जाकर बैठता था। आरोप है कि वह लापरवाही का आरोप लगाकर स्कूल टीचर्स को परेशान करता था। स्कूल टीचर्स ने एसएसपी को मामले की जानकारी दी। एसएसपी के आदेश पर कैंपियरगंज पुलिस ने प्रधान के भाई के खिलाफ कार्रवाई की। बताया जाता है कि उसके प्रभाव में लोकल पुलिस मेहरबानी दिखा रही थी।

- खोराबार एरिया के एक प्रधान के घर में अवैध ढंग से अंग्रेजी शराब बनाई जा रही थी। दो दिन पूर्व पुलिस ने कार्रवाई की तो प्रधान के घर में बड़ी मात्रा में अवैध शराब बनाने का सामान पकड़ा गया। उसके खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस कार्रवाई में जुटी है।

- पीपीगंज एरिया के प्रधान की शिकायत एसएसपी से हुई है। आरोप है कि क्षेत्र के लक्ष्मीपुर, करमहां निवासी श्रीराम के बेटे आदर्श का प्रधान ने अपहरण कर लिया था। उसकी पिटाई करके पुलिस को सौंप दिया। प्रधान के इशारे पर पीपीगंज पुलिस ने कार्रवाई की। थाने पर पीडि़त पक्ष की बात नहीं सुनी गई। पीडि़त पक्ष ने एसएसपी से मिलकर शिकायत दर्ज कराई।

कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति किसी को नहीं है। किसी भी दबंगई और उत्पीड़न के मामले में पुलिस सख्ती से निपटेगी। इस तरह की शिकायत सामने आने पर मामलों की जांच कराई जाती है। आरोप सही पाए जाने पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जाती है। गलत कार्य करने वालों को शह देने वाले पुलिस कर्मचारी भी नहीं बख्शे जाएंगे।

सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी