टोरंट मुख्यालय का किया घेराव, फूंका पुतला

आगरा। टोरंट के उत्पीड़न के खिलाफ किसान जे शक्ति पार्टी ने सोमवार को पैदल मार्च निकाला। सुल्तानगंज से शुरू होकर पैदल मार्च एमजी रोड स्थित टोरंट मुख्यालय पर समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने टोरंट के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। इससे एमजी रोड पर ट्रैफिक चरमरा गई। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने टोरंट कर्मचारियों पर संगीन आरोप लगाए।

सुल्तानगंज से शुरू हुआ पैदल मार्च

किसान शक्ति जे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुखराम गुरुजी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बहन कु। लक्ष्मी भारती जाटव एलएलबी के नेतृत्व में कार्यकर्ता सोमवार को सुल्तानगंज की पुलिया स्थित श्रीगणेश बैंकट हॉल में एकत्रित हुए। यहां से दोपहर बाद पैदल मार्च निकाला। भगवान टॉकीज होते हुए कार्यकर्ता एमजी रोड पर पहुंच गए। सूरसदन तिराहे पर जमकर प्रदर्शन किया। टोरंट के विरोध में नारेबाजी करते हुए कंपनी का पुतला फूंका। इस दौरान एमजी रोड पर जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिस ने बमुश्किल वाहनों को डायवर्ट कर यातायात को सुचारू किया।

मुख्यालय का किया घेराव

कार्यकर्ता एमजी रोड के पास कोटसन हाउस स्थित टोरंट पावर के स्थानीय मुख्यालय पहुंचे। यहां सभा को सम्बोधित करते हुए लक्ष्मी भारती जाटव ने कहा कि टोरंट जनता का उत्पीड़न कर रही है। कंपनी की कार्यशैली से गरीबों का जीना मुश्किल हो रहा है।

नारेबाजी हुई तो आए अधिकारी

टोरंट मुख्यालय पर सभा के दौरान काफी समय बाद भी टोरंट अधिकारियों ऑफिस से बाहर नहीं आने पर कार्यकर्ताओं ने टोरंट हाय-हाय, टोरंट की मनमानी नहीं चलेगी-नहीं चलेगी आदि नारे लगाना शुरू कर दिए। गर्मी में बाहर खड़ी महिलाओं में से कुछ ने गेट में झंडे-डंडे मारना शुरू कर दिए। हंगामा बढ़ते देख कंपनी के अधिकारी भूपेंद्र सिंह अन्य अधिकारियों के साथ बाहर आए। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने समस्याओं के जल्द निस्तारण को लेकर ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं का कहना था कि पूर्व में सौंपे गए ज्ञापन पर टोरंट द्वारा कोई एक्शन नहीं लिया गया।

महिलाओं की संख्या रही ज्यादा

पैदल मार्च में पुरुषों के साथ ही महिलाओं की संख्या में अच्छी-खासी रही। बुजुर्ग महिलाओं ने भी इसमें हिस्सा लिया।

टोरंट अधिकारी भूपेन्द्र सिंह का कहना है पूर्व के ज्ञापन पर पार्टी को लैटर भेजा गया है। समस्याओं के निस्तारण के लिए पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। किसी का भी उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।