स्पेशल न्यूज

- 2 अक्टूबर को क्यारा ब्लॉक को करना था ओडीएफ, अब नवंबर तक बढ़ी डेट

- जेसीबी से खोद रहे शौचालय के गड्ढे, ताकि हो सके समय व श्रम की बचत

BAREILLY:

क्यारा ब्लॉक को ओडीएफ कर सूबे में बरेली जिले के एक समूचे ब्लॉक को ओडीएफ घोषित करने का सपना चकनाचूर हो गया है। प्रशासन ने यह ख्वाब देखा था कि प्रदेश में एक गांव, एक पंचायत नहीं बल्कि पूरे ब्लॉक को ही ओडीएफ कर मिसाल पेश की जाए। 2 अक्टूबर को योजना का आखिरी दिन था। लेकिन तमाम कवायदें धरी की धरी रह गई। अब नवंबर से पहले ब्लॉक को ओडीएफ करने के लिए प्रशासन ने कमर कसी है। मनरेगा के मजदूरों से शौचालय और जेसीबी से शौचालय के लिए गड्ढा खोद रहे हैं। ताकि तेजी से शौचालय बन जाएं और सपना साकार हो सके।

25 गांव ही ओडीएफ

सीडीओ ने बताया कि अब 30 अक्टूबर से पहले हर घर में शौचालय बनवा दिए जाएंगे। जिन परिवारों को एक से अधिक शौचालय मिले हैं उन्हें फिलहाल एक शौचालय का लाभ दिया जाएगा। ताकि सूची में दर्ज अन्य लाभान्वित हो सकें। क्यारा ब्लॉक के 90 गांवों को में से 2 अक्टूबर को सिर्फ 25 गांव ही ओडीएफ घोषित हो सके। अन्य में अभी निर्माण चल रहा है। कार्य तेजी से हो, इसके लिए जेसीबी से गड्ढे खोदे जा रहे हैं। इससे करीब 3 मानव दिवस की बचत और काम महज दो घंटे में हो जाता है। ऐसे में, संभावना जताई है कि नवंबर से पहले क्यारा अनौपचारिक रूप से ओडीएफ हो जाएगा।

नहीं मिला उचित सहयोग

शासन के निर्देश जारी होते ही प्रशासन ने जोर शोर के साथ शहर के समाजसेवी, बिजनेसमेन, धार्मिक संस्था समेत अन्य प्रोफेशनल्स के साथ मिलकर एक योजना बनाई। जिसके तहत उन्होंने सबसे पहले क्यारा ब्लॉक को 2 अक्टूबर तक ओडीएफ की योजना बनाई। शौचालय प्रशासन को बनाने थे और जागरुकता का जिम्मा इन लोगों को सौंपा था। सूत्रों के मुताबिक प्रशासन ने अपनी पुरजोर कोशिश की, लेकिन अन्य लोगों ने कोई जागरुकता अभियान में साथ नहीं दिया। वहीं, प्रशासन भी महज 3 हजार शौचालय ही बनवा सका था कि बजट जवाब दे गया। अभी करीब साढ़े आठ हजार शौचालयों की नींव तक नहीं खुद सकी है।

एक नजर में।

- 8,667 शौचालय बनने हैं

- 2,991 शौचालय ही बन सके

- 11 गांव हुए हैं ओडीएफ

- 25 अन्य गांव 2 अक्टूबर को हुए हैं ओडीएफ

बजट की वजह से अभियान में थोड़ी दिक्कत आने से 2 अक्टूबर को ब्लॉक ओडीएफ नहीं हो सके। नई योजना के तहत कार्य किया जा रहा है। जल्द ही क्यारा ब्लॉक ओडीएफ हो जाएगा।

सत्येंद्र कुमार, सीडीओ