जंक्शन पर पर्स उड़ाकर भागते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया

ALLAHABAD: रेलवे में परमानेंट नौकरी होने के बाद भी कोई कर्मचारी चोरी कर सकता है, यह सोचना भी मुश्किल है। वह भी तब जब रिटायरमेंट के कुछ ही दिन बचे हों। इलाहाबाद जंक्शन पर बुधवार की देर रात एक ऐसा ही रेल कर्मचारी पैसेंजर का पर्स उड़ाकर भागते समय रंगे हाथ पकड़ा गया। जिसे जीआरपी ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मुबई की ट्रेन पकड़ने पहुंचे थे

प्रतापगढ़ के कंधई निवासी रामसुंदर यादव बुधवार की रात मुंबई जाने वाली ट्रेन पकड़ने इलाहाबाद जंक्शन पहुंचे। प्लेटफार्म नंबर दस पर खड़ी ट्रेन में परिवार के साथ चढ़ने लगे, तभी पीछे से किसी ने उनका पर्स निकाल लिया। इसका एहसास हो गया तो उन्होंने शोर मचाया। प्लेटफार्म पर मौजूद कर्मचारी लल्लन यादव व सूबेदार राम की नजर उस पर पड़ी। दोनों ने दौड़ाकर भाग रहे व्यक्ति को पकड़ लिया। उसे जीआरपी थाने लाया गया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने अपना नाम ललित त्रिपाठी निवासी सरायइनायत थाना बरईपुर बताया। साथ ही यह भी बताया कि वह इलाहाबाद में ही रेलवे कर्मचारी है। कुछ दिनों बाद ही रिटायर होने वाला है। तलाशी में उसकी जेब से रामसुंदर का पर्स मिल गया जिसमें 21 सौ रुपये थे।