- बारिश ने खोली नगर निगम की पोल

- गुरुवार शाम से शुक्रवार सुबह तक बरसा पानी

Meerut। गुरुवार शाम से शुक्रवार की सुबह तक हुई बारिश ने शहर के कई स्थानों पर जलभराव कर दिया। नगर निगम के दावों की भी बारिश ने पोल खोल दी। शहर के सभी नाले उफनकर चल रहे हैं। हालात यह हो गए कि रोड पर पानी भर गया। जिस कारण कई वाहन जलभराव के चलते बंद हो गए।

अभियान चला रहा है निगम

इन दिनों नगर निगम ने नालों की सफाई के लिए अभियान चला रखा है। कूड़ा उठाने के बजाए शहर में नाला सफाई अभियान के नाम पर गंदगी फैलाई जा रही है। नतीजतन गुरुवार की शाम से शुक्रवार सुबह तक हुई बारिश से कई स्थानों पर जलभराव हो गया। यह हाल तब है जब नगर निगम ने नाला सफाई अभियान के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च कर दिए हैं।

यहां हुआ जलभराव

शहर में दिल्ली रोड, ब्रह्मापुरी, बेगमपुल, बच्चा पार्क, घंटाघर, बच्चा पार्क पर जलभराव हो गया। हालांकि इस बार घंटाघर, बच्चा पार्क पर पानी की निकासी जल्द हो गई। ज्यादा देर तक जलभराव नहीं हो सका।

सड़कों का हुआ बुरा हाल

नगर निगम ने बीते दिनों कई स्थानों पर सड़कों का निर्माण कराया था। सड़क निर्माण कराने के बाद पड़ी पहली बारिश ने सड़क निर्माण में उपयोग की गई घटिया सामग्री की पोल खोल दी। मलियाना पुल, रेलवे रोड तिराहे, घंटाघर, कमिश्नरी चौराह, विक्टोरिया पार्क, मंगल पांड नगर की सड़कों पर गहरे गड्ढे हो गए।

नालों की सफाई कराई जा रही है। पहले की अपेक्षा इस बार जलभराव की कोई शिकायत नहीं आई है। यदि कहीं पर जलभराव हुआ है तो उस समस्या को तत्काल हल कराया जाएगा।

डॉ। कुंवर सेन नगर स्वास्थ्य अधिकारी