JAMSHEDPUR: इंटक के राष्ट्रीय महासचिव व झारखंड प्रदेश के पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह एक बार फिर टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष मनोनित हो गए। गुरुवार को कंपनी परिसर में आयोजित यूनियन की कमेटी मीटिंग में पहले राजेंद्र सिंह को को-ऑप्ट किया गया फिर उन्हें यूनियन का कमान सौंपा गया जिसका सभी मेंबरों ने हाथ उठाकर समर्थन किया।

कमेटी मीटिंग में चुनाव पदाधिकारी महेंद्र विश्वकर्मा व वरुण सिंह मौजूद थे। इनकी उपस्थिति में यूनियन के नव- निर्वाचित कमेटी मेंबर सुरेंद्र प्रसाद ने राजेंद्र सिंह का नाम अध्यक्ष के लिए प्रस्ताव किया जिसमें मनोज कुमार सिंह ने समर्थन किया। उसके बाद मौके पर उपस्थित सभी नव- निर्वाचित कमेटी मेंबरों ने राजेंद्र सिंह के नाम पर हाथ उठाकर समर्थन किया। साथ ही अन्य पदाधिकारियों के मनोनयन को लेकर राजेंद्र सिंह को अधिकृत कर दिया गया। अब राजेंद्र सिंह अपने विवेक से यूनियन पदाधिकारियों का मनोनयन करेंगे। यूनियन के निर्वतमान महामंत्री अरुण कुमार सिंह ने कहा कि परंपरा के मुताबिक अध्यक्ष के मनोनयन के बाद उनके द्वारा ही शेष पदाधिकारियों का मनोनयन होता है, जो यहां होगा।

चुनाव पदाधिकारी को किया सम्मानित

सफलता पूर्वक यूनियन चुनाव कराने के लिए चुनाव पदाधिकारी महेंद्र विश्वकर्मा व वरुण सिंह को शॉल ओढ़ाकर व पुष्पगुच्छ प्रदान कर उनका स्वागत किया गया। इस मौके पर अरुण कुमार सिंह व उनके समर्थक मौजूद रहे। जानकारी हो कि एक दिन पूर्व बुधवार को टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन का चुनाव तीन साल (2018-21) के लिए हुआ। इस चुनाव में 19 कमेटी मेंबरों का चुनाव हुआ। राजेंद्र सिंह के को-ऑप्ट के बाद कार्यकारिणी में कुल सदस्यों की संख्या 20 हो गई हैं।

कमेटी मीटिंग में ये रहे उपस्थित

कंपनी परिसर में हुई यूनियन की कमेटी मीटिंग में नव-निर्वाचित मेंबर अविनाश अनुपम, आइआर राममुर्ति, चंद्रभूषण पांडेय, हरेश सुनानी, प्रत्युष कु। विश्वास, धीरज कुमार सिंह, रतन कुमार प्रमाणिक, मनोज कुमार सिंह, प्रकाश महतो, दीपेंदु चक्रवर्ती, अरुण कुमार सिंह, सुधीर कुमार ंिसह, रामाकांत करुआ, तपन कुमार महंती, अंजय कुमार, श्रीनिवास, सुरेंद्र कुमार, एहसान अहमद सिराजी व अजीत सिंह मौजूद थे।

अब एक ही वर्किंग प्रेसीडेंट

यूनियन में पहले दो वर्किंग प्रेसीडेंट के पद थे उसे नए संविधान में एक कर दिया गया हैं। वैसे ही दो सहायक सचिव के स्थान पर तीन पद किए गए हैं। पदाधिकारियों की संख्या पूर्व की तरह दस ही हैं। एकल पद अध्यक्ष, महामंत्री, वर्किंग प्रेसीडेंट, संयुक्त महामंत्री व कोषाध्यक्ष का है जबकि उपाध्यक्ष का दो पद व सहायक सचिव का तीन पद निर्धारित किया गया हैं। कमेटी मेंबरों की संख्या भी दस हैं।

टेल्को यूनियन ने जताई प्रसन्नता

राजेंद्र सिंह के अध्यक्ष बनने पर टेल्को वर्कर्स यूनियन के नेताओं ने प्रसन्नता जताई हैं। यूनियन नेता हर्षव‌र्द्धन, पंकज सिंह, पीके तिवारी, अशोक मिश्रा, डीके सिंह, छोटू हो आदि ने सिंह को बधाई दी है साथ ही कहा है कि उनके नेतृत्व में यूनियन मजदूर हित में बेहतर काम करेगी।