-भाइयों की कलाई पर राखी बांध कर बहनों से जताया प्यार

-दोपहर बाद राखी शुभ मुहूर्त में बांधी गई राखियां

ALLAHABAD: सावन के आखिरी दिन रिमझिम फुहारों के बीच भाई-बहन के पवित्र प्यार के प्रतीक रक्षाबंधन मनाया गया। हल्की-फुल्की बूंदा-बांदी ने सुबह से ही मौसम खुशनुमा कर दिया। हालांकि भद्रा लगने के चलते बहनों को राखी बांधने के लिए दोपहर के दो बजे तक का इंतजार करना पड़ा। मगर, उसके बाद से देर रात तक घरों में बहन-भाइयों का त्यौहार चलता रहा। बहनों में भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की, वहीं भाइयों ने गिफ्ट्स के साथ जीवन पर उनकी रक्षा करने का वचन दिया। बहनें या भाई शहर से बाहर थे उन्होंने नेट या फोन के माध्यम से त्यौहार मनाया।

सोशल साइट्स ने मिटाई दूरियां

रक्षाबंधन पर्व पर सोशल साइट्स ने शहर से बाहर या विदेश में रहने वाले भाइयों व बहनों की दूरियों को कम करने का काम किया। सिंगापुर में रहने वाले वेद कांत त्रिपाठी को उनकी बहनों ने इलाहाबाद से राखियां भेजी थीं। उन्होंने भी रक्षाबंधन पर निर्धारित मुहूर्त में बहनों द्वारा भेजी राखियों को खुद से ही बांधा और उसकी फोटो वाट्सअप के जरिए शेयर की। वेदकांत की तरह ही अन्य लोगों ने भी हजारों किलोमीटर दूर बैठे अपने भाइयों और बहनों के साथ सोशल साइट्स के जरिए फेस्टिवल को सेलिब्रेट किया। फेसबुक पर भी लोगों ने रक्षाबंधन के पर्व के सेलिबे्रशन की फोटोग्राफ खूब शेयर की और अपनी खुशी को लोगों के साथ बांटा। पूरे दिन फेसबुक, वाट्सअप जैसे सोशल साइट्स पर लोगों ने रक्षाबंधन पर्व की सभी को बधाइयां दीं और अपनी सेल्फी व अन्य फोटोग्राफ शेयर कीं।

पूर्व सैनिकों को राखी बांध कर मनाया पर्व

अखिल भारतीय अग्निशिखा मंच व वीर सेनानी पूर्व सैनिक कल्याण समिति की ओर से सुभाष चौराहे पर रक्षा बंधन पर्व मनाया गया। इस मौके पर महिलाओं ने पूर्व सैनिकों, समाजसेवियों और पुलिस के जवानों को राखी बांधकर बहनों व देश की सुरक्षा का वचन लिया। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से भी रक्षाबंधन पर्व पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंच का संचालन विभाग कार्यवाहक नागेन्द्र ने किया। इस देश की सुरक्षा समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में सह विभाग संघ चालक कमला कांत समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

पेड़ों की रक्षा का संकल्प

संयुक्त व्यापार मंडल महानगर की ओर से रक्षा बंधन पर पेड़ों को राखी बांधकर उनकी रक्षा का लोगों ने संकल्प लिया। सिविल लाइंस में स्थित कदंब के पेड़ पर बड़ी संख्या में लोगों ने राखी बांधी और पर्यावरण संरक्षण के साथ ही पेड़ों की सुरक्षा करने के लिए लोगों को जागरूक करने की बात कही। संस्था के महानगर अध्यक्ष सैयद मोहम्मद अस्करी समेत अन्य लोगों ने पेड़ों को बचाने के लिए लोगों को आगे आने का आह्वान किया।

मां विंध्यवासिनी पद यात्रा शुरू

मुट्ठीगंज में सावन के आखिरी दिन पूर्णिमा पर शनिवार को ऊं जय मां विंध्यवासिनी पद यात्रा समिति की ओर से पद यात्रा का शुभारम्भ किया गया। इस दौरान पद यात्रा की शुरुआत बाबूगंज मंडी मुट्ठीगंज से शुरू होकर मुट्ठीगंज चौराहा, पुलिस बूथ हटिया चौराहा होते हुए कटघर स्थित भोले गिरी मंदिर पर पहुंचे पद यात्रियों ने भगवान शिव का दर्शन किया। पूजन के बाद पद यात्रा कटघर चौराहा, जमुना क्रिश्चियन रोड, मुट्ठीगंज छोटा चौराहा गऊघाट होते हुए मां विंध्यवासिनी मंदिर के लिए रवाना हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग नाचते गाते हुए पद यात्रा में शामिल हुए।