JAMSHEDPUR: शहर के विभिन्न अखाड़ों ने सोमवार को रामनवमी झंडा जुलूस निकाला। साकची गोलचक्कर में झंडा विसर्जन जुलूस का भव्य नजारा देखने को मिला। यहां झंडा विसर्जन जुलूस देखने पूरे शहर से श्रद्धालु पहुंचे थे। जुलूस में झांकी, पारंपरिक हथियारों का प्रदर्शन एवं खेल, भक्ति जागरण के साथ नृत्य आदि कई मनोरंजक और आकर्षक कार्यक्रम का प्रदर्शन किया गया। विभिन्न अखाड़ों के करतबबाजों ने एक से बढ़कर एक करतब दिखाए। जुलूस में युवतियों ने भी जमकर लाठी भांजी। वीर रघुवीर अखाड़ा समेत अन्य अखाड़ों के युवतियों ने तलवार समेत अन्य धारदार हथियारों से हैरतंगेज खेल का प्रदर्शन किया। इस दौरान साकची गोलचक्कर क्षेत्र में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

विसर्जन जुलूस के दौरान साकची गोलचक्कर में गैर सरकारी संस्थानों के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, यूनियन, स्वयंसेवी संस्था आदि द्वारा सहायता शिविर लगाकर श्रद्धालुओं के बीच चना, गुड़ और शर्बत का वितरण किया जा रहा था।

देखते ही बन रही थी भव्यता

रामनवमी विसर्जन जुलूस की भव्यता देखते ही बन रही थी। आकर्षक झांकी, छऊ नृत्य, राम दरबार, पारंपरिक हथियारों से दिखाए जा रहे हैरतंगेज करतब आदि की झलक पाने के लिए श्रद्धालु आतुर थे। जुलूस के दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई। जुलूस में शामिल महिला, पुरुष और बच्चे जय श्रीराम और जय हनुमान के नारे लगा रहे थे। लोग सड़क के डिवाईडर और चौक चौराहों पर बैठकर जुलूस देख रहे थे।

सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम

रामनवमी झंडा जुलूस को देखते हुए साकची गोलचक्कर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। झंडा जुलूस पर ड्रोन कैमरा से नजर रखा जा रहा था। इस दौरान जिला के उपायुक्त समेत कई वरीय पुलिस व प्रशासन के पदाधिकारी गोलचक्कर पहुंचे और सुरक्षा का जायजा लिया। साकची गोलचक्कर में प्रशासनिक शिविर लगाया गया था, जहां से समय-समय पर आवश्यक दिशा निर्देश दिया जा रहा था। जुलूस के मद्देनजर साकची गोलचक्कर के आसपास विभिन्न सड़कों पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई थी।

मिले दिशा-निर्देश

साकची गोलचक्कर में प्रशासनिक शिविर से लोगों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया जा रहा था। इस दौरान भीड़ में अपने परिवार और साथियों से बिछुड़ने वालों की जानकारी भी दी जा रही थी। गोलचक्कर में जुलूस के दौरान देवनगर की रहने वाली बच्ची काजल कुमारी अपने परिवार से बिछुड़ गई थी। प्रशासनिक शिविर में रखकर इसकी जानकारी दी गई। बच्ची ने अपने पिता का नाम सुबोध कुमार बता रही थी। वहीं भालुबासा के रहने वाले 12 वर्षीय रोहित कुमार, बाबूडीह लालभट्टा के बमभोला कुमार के बिछुड़ने की जानकारी भी शिविर से दी जा रही थी।

शामिल हुए गणमान्य

सोमवार को निकाले गए रामनवमी झंडा विसर्जन जुलूस में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व सांसद डॉ। अजय कुमार, मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पवन अग्रवाल, अमरप्रीत सिंह काले, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार आदि समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। साकची गोलचक्कर में जनप्रतिनिधियों के साथ कई राजनैतिक दलों के नेता और समाजसेवी जुलूस में शामिल हुए।