-भगवान राम के जन्मोत्सव के महापर्व रामनवमी की पूरे शहर में दिखी धूम

-मठ, मंदिर और घरों में किये गये विशेष आयोजन, भगवान राम के जयकारों से गूंजी काशी

VARANASI

भगवान भोलेनाथ की नगरी काशी रविवार को राम रंग में रंगी दिखी। अवसर था भगवान राम के जन्मदिन के महापर्व रामनवमी का। मंदिरों से लेकर मठों और घरों में श्रीराम के जन्मदिन की खुशियां मनायी गयीं। भये प्रकट कृपाला दीन दयाला के बोल के साथ श्रद्धालुओं ने कौशल्या नंदन के जन्म की खुशियां मनायी। शहर के तमाम मंदिरों में इस अवसर पर विशेष आयोजन किया गया। मीरघाट स्थित राम रमा पति बैंक में भगवान के बालरूप विग्रह के दर्शन के लिए सुबह से भक्तों का रेला उमड़ता रहा। भगवान की विधि विधान से पूजा अर्चना के बाद उन्हें मक्खन-मिश्री का भोग लगाया गया। श्रद्धालुओं ने बैंक में जमा राम नाम की थाती का दर्शन कर खुद को कृतार्थ किया।

निकली मंदाकिनी शोभायात्रा

इसी क्रम में तुलसीघाट से भव्य रामकथा मंदाकिनी शोभायात्रा भी निकाली गई। बजड़ों पर सजी राम झांकियों को संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो। विश्वम्भर नाथ मिश्र व आयोजन समिति के सदस्यों ने आरती कर रवाना किया। शोभायात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग घाट किनारे जुटे रहे। शोभयात्रा के भैंसासुर घाट पहुंचने पर वहां सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भजन-कीर्तन के आयोजन के बीच यहां विभिन्न क्षेत्र में खास योगदान के लिए विशिष्ट जनों का सम्मान किया गया। गोविंद राम भार्गव, डॉ। बांके बिहारी श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मानसरोवर स्थित रामतारका आंध्र आश्रम में धूमधाम से भगवान राम का जन्मोत्सव व राम सीता विवाह का आयोजन किया गया।

राम की बात में गुजरी पूरी रात

रामनवमी के अवसर पर वाराणसी नागरिक संघ की ओर से डॉ। राजेन्द्र प्रसाद घाट पर राममय रात का आयोजन किया गया। घाट के मुक्ताआकाशीय मंच पर शाम सात बजे से राम नाम को समर्पित नृत्य-संगीत की धारा रात भर प्रवाहित होती रही। कार्यक्रम में उदीयमान कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से भगवान श्रीराम के चरणों में अपनी श्रद्धा समर्पित की।